मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम 7 फरवरी 2026 तक चलेगा, 4 नवंबर से घर-घर सर्वेक्षण शुरू, राजनीतिक दलों को दिए गए एसआईआर के दिशा-निर्देश


जिला कोरिया। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार वर्ष 2025-26 के लिए मतदाता सूची के वार्षिक विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की तिथियाँ घोषित कर दी गई हैं। इस कार्यक्रम के तहत प्रिंटिंग एवं प्रशिक्षण कार्य 28 अक्टूबर से 3 नवंबर 2025 तक और घर-घर सर्वेक्षण एवं सूचीकरण कार्य 4 नवंबर से 4 दिसंबर 2025 तक किया जाएगा।

मतदाता सूची का मसौदा प्रकाशन 9 दिसंबर 2025 को किया जाएगा। इस पर दावे और आपत्तियाँ 9 दिसंबर 2025 से 8 जनवरी 2026 तक प्राप्त की जाएंगी। इनके परीक्षण, नोटिस, सुनवाई एवं सत्यापन कार्य 31 जनवरी 2026 तक संपन्न होंगे। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 फरवरी 2026 को किया जाएगा।

🗳️ 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले करें पंजीकरण

जिला निर्वाचन कार्यालय ने बताया कि ऐसे सभी नागरिक जिनकी आयु 1 जनवरी 2026 तक 18 वर्ष या उससे अधिक हो रही है, वे मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने हेतु आवेदन कर सकते हैं। नाम जोड़ने, सुधार या विलोपन के लिए संबंधित बी.एल.ओ., मतदान केन्द्र या निर्वाचन कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है। सुविधा के लिए आवेदन www.nvsp.in वेबसाइट और Voter Helpline App पर भी ऑनलाइन उपलब्ध हैं।

🏙️ नगरीय क्षेत्रों में बी.एल.ओ. की नियुक्ति

नगरीय क्षेत्र में सूचीकरण हेतु नगर पालिका परिषद बैकुंठपुर में 14 मतदान केन्द्र, नगर पालिका परिषद शिवपुर-चरचा में 15 मतदान केन्द्र, नगर पंचायत पटना में 5 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। आवश्यकतानुसार अतिरिक्त बी.एल.ओ. भी नियुक्त किए जाएंगे।

☎️ मतदाता सुविधा हेतु हेल्पलाइन सक्रिय

मतदाताओं की सहायता के लिए 1950 कॉल सेंटर के साथ-साथ 07836-232888 एवं 07836-232555 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
‘बुक–ए–काल’ सुविधा के माध्यम से मतदाता सीधे अपने बी.एल.ओ. से संवाद कर सकेंगे।

🏛️ राजनीतिक दलों को दी गई एसआईआर की जानकारी

कलेक्टरेट सभा कक्ष में आयोजित बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि 2003 की मतदाता सूची में नाम न होने पर पहचान प्रमाण प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
बी.एल.ओ. घर-घर जाकर प्रपत्र वितरित करेंगे। बी.एल.ओ. एवं बी.एल.ए. को इसके लिए पूर्व में प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है।

📢 जिला प्रशासन की अपील

सभी नागरिक अपने नाम की पुष्टि करें तथा पात्र होने पर अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य दर्ज कराएं, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया और अधिक मजबूत हो।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री सुरेन्द्र प्रसाद वैद्य, जिला निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ