विज्ञान से सजेगी कोरिया की नई पहचान, राज्यपाल श्री रमेन डेका के हाथों सम्भाग के पहले स्पेस एजुकेशन लैब का लोकार्पण, अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के नाम पर लैब का नामकरण

कोरिया। शिक्षा और विज्ञान के क्षेत्र में कोरिया जिले ने एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए सम्भाग का पहला स्पेस एजुकेशन लैब स्थापित किया है। इस अत्याधुनिक लैब का लोकार्पण छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका ने बैकुंठपुर स्थित शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में किया।
डीएमएफ के सहयोग से स्थापित यह प्रयोगशाला भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के नाम पर समर्पित की गई है। यह लैब विद्यार्थियों में अंतरिक्ष, भौतिकी, भूगोल और प्रौद्योगिकी के प्रति रुचि विकसित करने में मील का पत्थर साबित होगी।

कौन हैं ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला

ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला आधुनिक भारत की सैन्य-वैज्ञानिक प्रतिभा और अंतरिक्ष महत्वाकांक्षा के प्रतीक हैं। उनकी उपलब्धियाँ युवाओं को रक्षा सेवा के साथ ही साइंस, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग और मैथ्स (STEM) क्षेत्रों में करियर बनाने के लिए प्रेरित करती हैं।
राज्यपाल ने छात्राओं से जानी लैब की तकनीकी जानकारी

लोकार्पण अवसर पर राज्यपाल श्री डेका ने विद्यालय की छात्राओं से संवाद किया।
कक्षा नवमीं की अनुजा ने एरोहब मॉडल का प्रदर्शन किया, वहीं कक्षा बारहवीं की उन्नति ने वर्चुअल रियलिटी के उपयोग को समझाया। अन्य छात्राओं ने भी अंतरिक्ष से संबंधित मॉडलों और उपकरणों का आकर्षक प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
विज्ञान का युग है, विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के अवसर मिलें राज्यपाल

राज्यपाल श्री डेका ने छात्राओं की सराहना करते हुए कहा आज का युग विज्ञान का युग है। विज्ञान से होने वाले लाभ और उसके प्रभाव से कोई इंकार नहीं कर सकता। यह लैब न केवल अंतरिक्ष विज्ञान बल्कि अन्य विज्ञान विषयों में भी विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।

उन्होंने इस पहल की प्रशंसा करते हुए जिला प्रशासन को बधाई दी और लैब के लिए ड्रोन, स्मार्ट बोर्ड और प्रोजेक्टर उपलब्ध कराने की घोषणा की।

विद्यार्थियों में है जुनून, प्रशासन देगा हर अवसर कलेक्टर

जिला कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने कहा यहां के विद्यार्थियों में परिश्रम, लगन और जुनून की कोई कमी नहीं है, उन्हें बस अवसर की आवश्यकता है। प्रशासन उनके शैक्षणिक विकास के लिए हर संभव प्रयास करेगा।

कोरिया के लिए गौरव का क्षण

राज्यपाल की उपस्थिति में आयोजित यह कार्यक्रम कोरिया जिले के लिए गर्व और प्रेरणा का क्षण बना। इस पहल से जिले में न केवल शिक्षा की दिशा में नई ऊर्जा आएगी, बल्कि विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति जिज्ञासा और नवाचार की भावना भी प्रबल होगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ