भाजपा मंडल चरचा में एकदिवसीय एसआइआर कार्यशाला सम्पन्न, संगठन सशक्तिकरण, बूथ प्रबंधन और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर हुई चर्चा — कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह




चरचा कॉलरी। नगर पालिका शिवपुर चरचा के राम मंदिर परिसर स्थित सामुदायिक भवन में 8 नवम्बर 2025 को भाजपा मंडल चरचा के तत्वावधान में एकदिवसीय SIR कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यशाला संगठन को मजबूत बनाने, पार्टी की नीतियों को आम जन तक पहुँचाने तथा बूथ स्तर पर कार्य की रणनीति तय करने के उद्देश्य से रखी गई थी।
कार्यक्रम में प्रमुख अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष श्री देवेंद्र तिवारी उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी का वास्तविक बल उसका कार्यकर्ता है, जो निस्वार्थ भाव से संगठन के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाता है। उन्होंने आगामी पंचायत और नगरीय निकाय चुनावों को ध्यान में रखते हुए कार्यकर्ताओं से बूथ सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष श्री कृष्ण बिहारी जायसवाल ने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन का आधार स्तंभ है और भाजपा का विस्तार केवल समर्पण और अनुशासन से ही संभव है। उन्होंने कहा कि एसआइआर कार्यशाला का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को नवीन राजनीतिक, सामाजिक एवं तकनीकी दृष्टिकोण से प्रशिक्षित करना है ताकि वे जनता के बीच प्रभावी भूमिका निभा सकें।
जिला महामंत्री श्री पंकज गुप्ता, नगरपालिका अध्यक्ष श्री अरुण जायसवाल, जिला उपाध्यक्ष एवं नपा उपाध्यक्ष श्री राजेश सिंह, जिला मंत्री श्रीमती शारदा गुप्ता, मंडल अध्यक्ष श्रीमती दीपा विश्वकर्मा, मंडल महामंत्री सहित मंडल के सभी वरिष्ठ कार्यकर्ता, सरपंच, शक्ति केंद्र प्रभारी, बूथ अध्यक्ष, सचिव, बीएल-2 एवं पार्षद गण बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

कार्यशाला में वक्ताओं ने संगठन के तीन प्रमुख सूत्र— संपर्क, संवाद और सेवा — पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने क्षेत्र में आम जनता से जुड़कर केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देनी चाहिए, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंच सके।

अंत में मंडल अध्यक्ष श्रीमती दीपा विश्वकर्मा ने सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती तभी संभव है जब प्रत्येक कार्यकर्ता अपने बूथ स्तर पर सक्रियता से कार्य करे। उन्होंने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ के सिद्धांत पर निरंतर कार्य कर रही है।

कार्यशाला का संचालन मंडल महामंत्री ने किया तथा कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ