महिला सशक्तिकरण केन्द्र के माध्यम से लिंग आधारित हिंसा पर जागरूकता कार्यक्रम — महिलाओं को अधिकार, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का संदेश



जिला कोरिया। महिलाओं में आत्मविश्वास, अधिकारों की समझ और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से महिला सशक्तिकरण केन्द्र द्वारा लिंग आधारित हिंसा जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन ग्राम पंचायत बड़गाँव के उन्नति महिला संकुल संगठन में किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी के निर्देशानुसार तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री एन.एस. रावटे के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर जिला मिशन समन्वयक श्रीमती दीपिका पटेल तथा संरक्षण अधिकारी श्रीमती वित्तबाला श्रीवास्तव उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूह की बड़ी संख्या में महिलाओं ने सहभागिता दर्ज की। महिलाओं ने न केवल अपने अनुभव साझा किए बल्कि विभाग के विशेषज्ञों द्वारा दी गई महत्वपूर्ण जानकारी को भी आत्मसात किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत कोरिया के अध्यक्ष श्री मोहित राम पैकरा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इनके साथ जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिकों की गरिमामय उपस्थिति रही, जिन्होंने महिलाओं को संबोधित करते हुए सशक्त, शिक्षित और आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया।
अतिथियों द्वारा पौधा रोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण मुक्त समाज निर्माण का संदेश भी दिया गया। पौधा रोपण के माध्यम से महिलाओं में प्रकृति संरक्षण की जिम्मेदारी और सामुदायिक भागीदारी का संदेश प्रसारित किया गया।
महिलाओं को दिए गए महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन

कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महिलाओं को घरेलू हिंसा निवारण अधिनियम बाल संरक्षण से जुड़ी विधिक जानकारियाँ महिला सुरक्षा एवं परामर्श सेवाएँ स्वावलंबन एवं आर्थिक सशक्तिकरण योजनाएँ सहायता हेल्पलाइन – 1090, 1091, 181, 112 – की जानकारी विस्तारपूर्वक प्रदान की गई। साथ ही उन्हें बताया गया कि किसी भी प्रकार की हिंसा, शोषण या उत्पीड़न की स्थिति में कानून उनके साथ है और सभी सेवाएँ निःशुल्क उपलब्ध हैं।

महिलाओं के उत्साह और सक्रिय भागीदारी से कार्यक्रम अत्यंत सफल और प्रभावी रहा।महिला सशक्तिकरण केन्द्र द्वारा ऐसे जागरूकता कार्यक्रम जिले के अन्य ग्रामों में भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि लिंग आधारित हिंसा रोकथाम, महिलाओं की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लक्ष्य को स्थानीय स्तर पर सुदृढ़ किया जा सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ