150 वर्ष पूरे होने पर गूँजा ‘वंदे मातरम’ कोरिया पुलिस ने दिया राष्ट्रभक्ति का संदेश

कोरिया। रक्षित केंद्र बैकुंठपुर में 07 नवंबर 2025 को पुलिस अधीक्षक कोरिया श्री रवि कुमार कुर्रे के निर्देशन में जनरल परेड का आयोजन किया गया। परेड उपरांत देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को समर्पित “वंदे मातरम्” गीत का सामूहिक गायन किया गया, जिसने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों में उत्साह और गर्व की भावना को प्रबल कर दिया।

वर्ष 2025 राष्ट्र की ऐतिहासिक धरोहर “वंदे मातरम्” के 150 वर्ष पूर्ण होने का साक्षी बन रहा है। इसी उपलक्ष्य में कोरिया पुलिस द्वारा यह विशेष आयोजन किया गया। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान यह गीत करोड़ों देशवासियों के लिए त्याग, समर्पण और संघर्ष की प्रेरणा बना था।
कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक श्यामलाल मधुकर, उप पुलिस अधीक्षक नेल्सन कुजूर, रक्षित निरीक्षक नितीश आर. नायर, थाना प्रभारी चरचा प्रमोद पाण्डेय सहित जिले के विभिन्न थानों और शाखाओं के अधिकारी–कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने कहा कि “वंदे मातरम्” केवल एक गीत नहीं, बल्कि राष्ट्र की आत्मा को जगाने वाला मंत्र है, जिसने स्वतंत्रता सेनानियों के संकल्प को दृढ़ किया। पुलिस अधीक्षक श्री रवि कुमार कुर्रे ने इस अवसर पर बल को अनुशासन, सेवा और कर्तव्यनिष्ठा की भावना के साथ जनसुरक्षा और राष्ट्रहित में समर्पित रहने का आह्वान किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ