जिला कोरिया। थाना पटना पुलिस ने क्षेत्र में चर्चित सूरज हत्या प्रकरण का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए आरोपी रामप्रताप उर्फ पप्पू को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला अंधे कत्ल की श्रेणी में था, जिसमें तकनीकी विश्लेषण और सतत् प्रयासों के बाद पुलिस ने हत्या की पूरी गुत्थी सुलझा ली।
शव मिलने से हड़कंप, 3 दिन पुराना था मृतक का शव
दिनांक 19 अक्टूबर 2025 की सुबह बड़कापारा स्थित रामसागर तालाब में एक अज्ञात युवक का शव मिलने की सूचना पर थाना पटना पुलिस मौके पर पहुँची। शव बुरी तरह विच्छिन्न अवस्था में था। मृतक की पहचान पैंट की जेब से मिले आधार कार्ड से हुई, जिसके अनुसार मृतक सूरज पिता रामदास गोड़, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम चैनपुर था।
परिजनों की उपस्थिति में पंचनामा कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि गला दबाकर मौत
मर्ग जांच एवं पीएम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि मृतक की हत्या गला दबाकर की गई थी तथा शव को तालाब में फेंका गया। रिपोर्ट के अनुसार हत्या 48 से 80 घंटे पूर्व की गई थी। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 103(1) बी.एन.एस. के तहत हत्या का मामला दर्ज किया।
तकनीकी जांच ने खोला मामला, अंतिम कॉल्स बनी अहम कड़ी पुलिस टीम ने मोबाइल कॉल डिटेल्स, डिजिटल एविडेंस और लोकेशन की गहन जांच की।
जांच में सामने आया कि 16 अक्टूबर को दोपहर 12:11 बजे मृतक की पत्नी ने अंतिम बार कॉल किया।
इससे पूर्व 11:17 बजे मृतक की बातचीत रामप्रताप उर्फ पप्पू और उसके रिश्तेदार छोटू सिंह से हुई थी।
इन कॉल लोकेशनों से मृतक की गतिविधियों का समय क्रम स्थापित हुआ और संदेह का दायरा सीमित हुआ।
घटना के बाद फरार था मुख्य आरोपी
संदेह गहराने पर पुलिस ने रामप्रताप की पतासाजी की। आरोपी घटना के बाद झारखंड और पश्चिम बंगाल की ओर भाग गया था। तकनीकी इनपुट और सतत् प्रयासों से पुलिस ने उसे हिरासत में लिया।
पूछताछ में स्वीकारा अपराध पैसे के लेनदेन पर विवाद में की हत्या गहन पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि 16 अक्टूबर को वह मृतक सूरज के साथ चैनपुर से नगर आया।वहां से दोनों कटोरा गए, शराब खरीदी और सेवन किया।
जेसीबी से डीजल चोरी कर बेचने से जुटी राशि को लेकर दोनों में विवाद बढ़ गया।आवेश में आकर उसने सूरज का गला दबाकर हत्या कर दी और शव तालाब में फेंक दिया।
महत्वपूर्ण बरामदगी
आरोपी के बयान पर पुलिस ने मृतक का मोबाइल,मृतक का बैग, कपड़े स्थान-ए-वारदात से बरामद कर जप्त किए।आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर न्यायालय पेश कर जेल भेजा गया,
एकत्रित साक्ष्यों, तकनीकी विश्लेषण एवं आरोपी के कथनों के आधार पर यह सिद्ध हुआ कि सूरज की हत्या आरोपी रामप्रताप उर्फ पप्पू ने की है। पुलिस ने उसे 23 नवंबर 2025 को विधिवत् गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
कोरिया पुलिस की यह कार्रवाई अंधे कत्ल के गंभीर प्रकरणों में उनकी तकनीकी दक्षता और सतर्कता को प्रदर्शित करती है।
0 टिप्पणियाँ