जिला कोरिया। खरीफ वर्ष 2025-26 के समर्थन मूल्य पर धान खरीदी महापर्व की औपचारिक शुरुआत गुरुवार को पूरे प्रदेश के साथ कोरिया जिले में भी पारंपरिक उत्साह और व्यवस्था के साथ हुई। प्रदेश के पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मस्व मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने आदिम जाति तथा सहकारी समिति, पटना पहुंचकर पूजा-अर्चना के साथ धान उपार्जन अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक स्वागत के बीच किसानों ने मंत्री का अभिनंदन किया।
कलेक्टर सहित जनप्रतिनिधि व ग्रामीण हुए शामिल
उद्घाटन कार्यक्रम में कोरिया कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न समितियों के अध्यक्ष, स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि, किसान नेता तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। पूरे परिसर में किसान अपनी बोरियों के साथ कतारबद्ध होकर खरीदी प्रक्रिया का हिस्सा बने और क्रमबद्ध तरीके से धान तौल करा रहे थे।
15 नवंबर से 31 जनवरी तक अभियान
जिले में धान खरीदी का यह महा-अभियान 15 नवंबर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक कुल 75 दिनों तक चलेगा। प्रशासन ने उपार्जन केंद्रों में टोकन व्यवस्था, तौल मशीनें, सीसीटीवी, पेयजल, शेड तथा किसानों के लिए प्रतीक्षा स्थान जैसी सुविधाओं को दुरुस्त कर अभियान को सुचारु रूप से चलाने की तैयारी पहले ही पूरी कर ली थी।
सरकार किसानों के प्रति प्रतिबद्ध– मंत्री अग्रवाल
शुभारंभ के दौरान मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा छत्तीसगढ़ सरकार किसानों के एक-एक दाने धान की खरीदी के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस वर्ष खरीदी प्रबंधन को पिछले वर्ष की तुलना में और भी अधिक पारदर्शी, त्वरित और किसान हितैषी बनाया गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए टोकन ऐप, एसएमएस सूचना प्रणाली और केंद्रवार माइक्रो मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई है।
पहले किसान बने रामजी साहू
धान विक्रय के लिए सबसे पहले ग्राम छिंदिया के किसान रामजी साहू पहुंचे, जो 40 क्विंटल धान लेकर समिति में आए थे। मंत्री ने स्वयं उनसे चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और कहा कि यह सरकार किसानों, ग्रामीणों, आदिवासियों और महिलाओं की आर्थिक उन्नति के लिए समर्पित है।साहू ने सरकार की व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि इस बार खरीदी केंद्रों में सुविधा और व्यवस्था पहले से बेहतर है।
जिले के 11 केंद्रों में पहले दिन 531 क्विंटल धान खरीदी
जिले के बैकुंठपुर एवं सोनहत विकासखंड के उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी पहले दिन पूरी तैयारी के साथ प्रारंभ हुई। टोकन ऐप से 13 और समिति से 1, कुल 14 टोकन जारी किए गए।जिन 11 उपार्जन केंद्रों में पहले दिन खरीदी हुई, वे हैं गिरजापुर, जामपारा, झरनापारा, छिंदिया, तरगवां, धौराटिकरा, पटना, पोड़ी, रजौली, सोनहत और काटघोड़ी।
इन सभी केंद्रों से कुल 531 क्विंटल धान की खरीदी दर्ज की गई। तौल के दौरान किसानों की सहायता के लिए कृषिजन मित्र, समिति के कर्मचारी और प्रशासनिक अमला पूरे समय मौजूद रहे।
केंद्रों में दिखा उत्साह, कृषि मंडियों में बढ़ी हलचल
धान खरीदी के शुभारंभ के साथ ही जिले में कृषि गतिविधियों में रौनक लौट आई है। मंडियों, परिवहन स्थलों और उपार्जन केंद्रों में सुबह से ही किसानों की आवाजाही बढ़ गई। कई किसानों ने बताया कि समर्थन मूल्य पर समय पर खरीदी शुरू होना उनके लिए बड़ी राहत है।
समिति संचालकों के अनुसार, अगले कुछ दिनों में खरीदी की मात्रा में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होने की संभावना है, क्योंकि बारिश थमने के बाद धान सुखाकर किसान तेजी से विक्रय केंद्रों की ओर बढ़ रहे हैं।
प्रशासन का दावा– व्यवस्था सुचारु, शिकायतों का होगा त्वरित समाधान
कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने कहा कि जिले में सभी उपार्जन केंद्रों की निरंतर निगरानी की जा रही है। किसी भी केंद्र में समस्या आने पर तत्काल समाधान किया जाएगा।”
उन्होंने किसानों से अपील की कि वे टोकन प्रणाली का पालन करते हुए निर्धारित समय पर ही केंद्रों में पहुंचे, ताकि भीड़ और असुविधा से बचा जा सके।
0 टिप्पणियाँ