एनडीए की ऐतिहासिक जीत पर चरचा कॉलरी में उमड़ा उत्सव का सैलाब, राजीव गांधी चौक में आतिशबाजी, फटाका और मिठाई वितरण के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया विजय महोत्सव


चरचा कॉलरी। बिहार राज्य में एनडीए गठबंधन द्वारा दर्ज की गई ऐतिहासिक और प्रचंड विजय ने पूरे देश में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह की नई लहर पैदा कर दी है। इस अप्रत्याशित एवं निर्णायक जीत को लोकतंत्र की मजबूती तथा विकास की राजनीति की स्वीकार्यता बताते हुए शिवपुर चरचा मंडल के पदाधिकारियों, मोर्चा–प्रकोष्ठ के सदस्यों और जिला पदाधिकारीगणों ने चरचा कॉलरी में भव्य विजय उत्सव का आयोजन किया।
राजीव गांधी चौक बना उत्सव का केंद्र

दो दर्जन से अधिक क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की भीड़ के बीच राजीव गांधी चौक का वातावरण जयघोष और पटाखों की गूंज से भर गया। दोपहर 12 बजे से प्रारंभ इस आयोजन में लगातार रंगीन आतिशबाजी और पटाखों ने पूरे चौक को उत्सव स्थल में बदल दिया। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को एवं व्यापारियों को मिठाई खिलाकर जीत की खुशी साझा की।

जिला अध्यक्ष देवेंद्र तिवारी की उपस्थिति बनी आकर्षण

इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता रही भाजपा कोरिया जिला अध्यक्ष देवेंद्र तिवारी की उपस्थिति, जो मुख्य अतिथि के रूप में विराजमान थे। उनके आगमन के साथ ही कार्यक्रम का माहौल और जोशीला हो गया। श्री तिवारी ने मंच से संबोधित करते हुए कहा कि बिहार में मिली यह जीत सिर्फ राजनीतिक जीत नहीं, बल्कि विकास, सुशासन और राष्ट्रवाद की जीत है। यह जीत कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम और जनता के अटूट विश्वास का परिणाम है।उन्होंने कार्यकर्ताओं को भविष्य के लिए प्रेरित करते हुए संगठन को और मजबूत करने का आह्वान किया।

वरिष्ठ पदाधिकारी व लोकप्रिय चेहरे रहे मौजूद

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष अरुण जयसवाल, उपाध्यक्ष राजेश सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष अभिमन्यु मुदुली, संगठन के सक्रिय युवा नेता सचिन मलिक, मुन्ना चक्रधारी, उमाशंकर मानिकपुरी, महिला मोर्चा अध्यक्ष उर्मिला सिंह, महिला कार्यकर्ता प्रियंका सिंह, साक्षी सिंह, सीमा रानी सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ, युवा और महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
नपा अध्यक्ष अरुण जयसवाल ने एन.डी.ए. की जीत पर कहा कि बिहार में मिला यह जनादेश विकास, पारदर्शिता और सुशासन की राजनीति की जीत है। जनता ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि देश प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहता है और प्रधानमंत्री के नेतृत्व पर पूरा विश्वास रखता है। यह जीत कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के अटूट समर्थन का परिणाम है। हम सभी इस ऐतिहासिक अवसर को प्रेरणा के रूप में लेकर अपने क्षेत्र की सेवा के लिए और अधिक समर्पित रहेंगे।

नपा उपाध्यक्ष राजेश सिंह ने कहा कि बिहार में एन.डी.ए. को मिली विजय पूरे देश की भावना का प्रतिबिंब है। जनता ने साबित कर दिया है कि वह स्थिरता, विकास और ईमानदार शासन चाहती है। यह जीत केवल एक राजनीतिक परिणाम नहीं है, बल्कि विकास की दिशा में बढ़ते विश्वास का प्रमाण है। हम सभी कार्यकर्ता इस जनादेश को जिम्मेदारी के रूप में देखते हुए जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए लगातार कार्य करते रहेंगे।

पूर्व मंडल अध्यक्ष अभिमन्यु मुदुली ने बताया कि एन.डी.ए. की यह जीत जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की निरंतर मेहनत और जनता के बीच की मजबूत पकड़ का परिणाम है। बिहार की जनता ने जिस तरह भरोसा जताया है, वह पूरे देश के कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा है। यह जनादेश बताता है कि लोग सकारात्मक राजनीति और विकास के मुद्दों को प्राथमिकता देते हैं। हम संगठन को और मजबूत करने तथा जनता तक सरकार की योजनाओं को पहुंचाने का संकल्प लेते हैं।

कार्यक्रम में शामिल लोगों ने कहा कि जिले के शीर्ष नेतृत्व और मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं का एक साथ इस तरह उत्सव मनाना संगठन की मजबूती और एकता का प्रमाण है।

जनता ने दिया है विकास की राजनीति को समर्थन पदाधिकारियों का बयान

मंडल, मोर्चा और जिला पदाधिकारियों ने सामूहिक बयान में कहा कि बिहार में एन.डी.ए. की जीत बताती है कि देश की जनता विकास, सुशासन और स्थिर सरकार चाहती है। उन्होंने कहा, यह सिर्फ बिहार की विजय नहीं है, यह पूरे देश में भाजपा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार करने वाली जीत है। जनता का यह विश्वास हमें और अधिक जिम्मेदारी से काम करने के लिए प्रेरित करता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ