चरचा कॉलरी जिला कोरिया। देशभर में ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ एक गौरवशाली और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत अवसर के रूप में मनाई जा रही है। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के मार्गदर्शन में यह ऐतिहासिक पर्व वर्षभर चलने वाले महाअभियान के रूप में आयोजित किया जाएगा।
इसी क्रम में कोरिया जिले के नगर पालिका शिवपुर चरचा, स्थानीय शैक्षणिक संस्थानों और एसईसीएल प्रबंधन के सहयोग से शुक्रवार को इस महाअभियान की शुरुआत देशभर के साथ उत्साहपूर्वक की गई।
प्रधानमंत्री ने किया शुभारंभ, मुख्यमंत्री ने दिए प्रेरक संदेश
शुक्रवार को प्रातः 10 बजे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने इस कार्यक्रम का राष्ट्रव्यापी शुभारंभ किया। इसके बाद नगर पालिका शिवपुर चरचा परिषद में वर्चुअल प्रसारण के माध्यम से मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए कहा “वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ केवल एक स्मरणीय अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्र की एकता, आत्मगौरव और मातृभूमि के प्रति समर्पण का जीवंत संदेश है। यह आयोजन नई पीढ़ी को भारत की सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ते हुए उनमें देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रीय चेतना की भावना को गहराई देगा। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि “वंदे मातरम् केवल गीत नहीं, बल्कि भारत की आत्मा का स्वर है। इसकी गूंज हर नागरिक के हृदय में नई ऊर्जा, प्रेरणा और गर्व का संचार करती है।
नगर पालिका शिवपुर चरचा में हुआ भव्य आयोजन
प्रधानमंत्री के उद्बोधन के पश्चात नगर पालिका शिवपुर चरचा परिषद में वंदे मातरम् गीत का सामूहिक गायन किया गया।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अरुण जयसवाल, उपाध्यक्ष राजेश सिंह, नगर पालिका अधिकारी वशिष्ठ कुमार ओझा, उप अभियंता आलोक चक्रधारी, पार्षद श्रीमती रामकली पाल, प्रदीप तिवारी, महेश्वरी पैंकरा, प्रवीण कुमार राजवाड़े, सफाई निरीक्षक हरिश जयसवाल, महेन्द्र पाल, उदय, ज्वाला, राजकिशोर सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्षदगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम स्थल देशभक्ति गीतों और नारों से गूंज उठा। उपस्थित जनसमूह ने सामूहिक रूप से “वंदे मातरम्” का गायन कर राष्ट्रभक्ति की भावना का सजीव प्रदर्शन किया।
चार चरणों में होगा राष्ट्रव्यापी आयोजन
संस्कृति मंत्रालय द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वंदे मातरम् 150 वर्ष महाअभियान चार चरणों में मनाया जाएगा।
7 से 14 नवम्बर 2025,
19 से 26 जनवरी 2026,
7 से 15 अगस्त 2026 (हर घर तिरंगा अभियान के साथ), 1 से 7 नवम्बर 2026 तक।
इन चरणों में जिले, जनपदों, ग्राम पंचायतों, शैक्षणिक संस्थानों, कार्यालयों व सामाजिक संगठनों में राष्ट्रगीत के सामूहिक गायन, वाद-विवाद, निबंध प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम और देशभक्ति पर आधारित आयोजन किए जाएंगे।
नया जोश, नई प्रेरणा
वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ का यह आयोजन केवल एक ऐतिहासिक स्मरण नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और आत्मसम्मान का उत्सव बन गया है।
नगर पालिका चरचा परिषद में उपस्थित जनसमुदाय ने संकल्प लिया कि वे इस अभियान को गांव-गांव, स्कूल-संस्थान तक पहुँचाने में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।
कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष अरुण जयसवाल ने कहा कि वंदे मातरम् हम सबके लिए गर्व और प्रेरणा का प्रतीक है। इसके 150 वर्ष पूरे होना भारत के आत्मगौरव का क्षण है, जिसे जनभागीदारी से और भी यादगार बनाया जाएगा।
चरचा में वंदे मातरम् का स्वर जब गूंजा, तो वातावरण देशभक्ति से भर उठा हर नागरिक के हृदय में एक ही भाव था, ‘वंदे मातरम्।
0 टिप्पणियाँ