जिला कोरिया। एसईसीएल बैकुंठपुर क्षेत्र में कोल इंडिया लिमिटेड के 51वें स्थापना दिवस का भव्य आयोजन हर्ष और उल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय महाप्रबंधक बी. एन. झा ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में श्री झा ने कोल इंडिया परिवार के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संगठन के गौरवशाली इतिहास, उपलब्धियों और सामाजिक प्रतिबद्धता को आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कर्मचारी को कोल इंडिया के मूल मूल्यों ईमानदारी, प्रतिबद्धता, नवाचार, सहानुभूति एवं सहयोग को अपने कार्य और व्यवहार में अपनाना चाहिए। कार्यस्थल के साथ-साथ परिवार की खुशहाली और सुरक्षा का ध्यान रखना भी उतना ही आवश्यक है, क्योंकि परिवार ही हमारी ऊर्जा का आधार है।
श्री झा ने सभी कर्मचारियों से पर्यावरण संरक्षण एवं हरित खान प्रबंधन की दिशा में सक्रिय योगदान देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी को स्थानीय समुदायों, सहकर्मियों और सभी हितधारकों के साथ नैतिक, पारदर्शी एवं सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार बनाए रखना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में श्री झा द्वारा पदोन्नति प्राप्त कर्मचारियों को पदोन्नति पत्र प्रदान किए गए। उन्होंने कहा कि पदोन्नति केवल उपलब्धि का प्रतीक नहीं, बल्कि यह नई जिम्मेदारियों और बड़े लक्ष्यों की ओर अग्रसर होने की प्रेरणा भी है।
इस अवसर पर मानव संसाधन विभागाध्यक्ष गौरव दुबे ने बताया कि बैकुंठपुर क्षेत्र में कुल 117 कर्मचारियों का पदोन्नति/चयन किया गया है। क्षेत्रीय मुख्यालय में पदस्थ कर्मचारियों को बी. एन. झा द्वारा मिष्ठान पैकेट के साथ पदोन्नति आदेश प्रदान किए गए।
समारोह में क्षेत्रीय मुख्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर कोल इंडिया की प्रगति और राष्ट्र निर्माण में उसके योगदान को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
0 टिप्पणियाँ