जिला कोरिया। लोक निर्माण विभाग (PWD) के सेतु निर्माण उपसंभाग मनेंद्रगढ़ अंतर्गत जिले में तीन महत्वपूर्ण उच्चस्तरीय पुलों का निर्माण कार्य तेज़ी से गति पकड़ चुका है। इन पुलों के तैयार हो जाने से न केवल ग्रामीण इलाकों का संपर्क मुख्य मार्गों से सुदृढ़ होगा, बल्कि व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं कृषि से जुड़ी गतिविधियों को भी नया आयाम मिलेगा।
नवाटोला–देवतीडांड मार्ग पर बुड़की नदी पर उच्चस्तरीय पुल
138 मीटर लंबा और 6 स्पान (प्रत्येक 23 मीटर) वाला यह पुल इस क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है। विभागीय जानकारी के अनुसार, पुल के चार पीयर का निर्माण पूर्ण हो चुका है, जबकि एक पीयर पर कार्य तेजी से प्रगति पर है। साथ ही दो स्लैब ढलाई का कार्य भी पूरा कर लिया गया है। विभाग ने इस परियोजना को फरवरी 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा है।
बैकुण्ठपुर–बिलासपुर मार्ग पर धनुहर नाला में पुल निर्माण
135 मीटर लंबाई एवं 6 स्पान (22.5 मीटर) वाले इस पुल में वर्तमान में नींव निर्माण कार्य जोरों पर चल रहा है। यह पुल बैकुण्ठपुर–बिलासपुर मुख्य मार्ग पर आवागमन को और सुगम बनाएगा। विभाग ने इसके सितंबर 2026 तक पूर्णता का लक्ष्य तय किया है।
गढ़तर–बोदराडांड मार्ग पर लोहंदिया नाला पर उच्चस्तरीय पुल
161 मीटर लंबाई और 7 स्पान (प्रत्येक 23 मीटर) वाला यह पुल ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण सेतु होगा। वर्तमान में इसकी नींव डालने का कार्य जारी है। विभाग ने इसे जून 2026 तक पूर्ण करने की योजना बनाई है।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि तीनों परियोजनाओं की प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। निर्माण कार्य निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता नियंत्रण के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किए जा रहे हैं। समय-समय पर इंजीनियरों द्वारा निरीक्षण कर कार्य की गति और गुणवत्ता सुनिश्चित की जा रही है।
इन पुलों के तैयार हो जाने से न केवल दूरी घटेगी, बल्कि ग्रामीण अंचलों को सुगम, सुरक्षित और सर्व मौसमीय मार्ग की सुविधा मिलेगी। इससे स्थानीय व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि परिवहन और रोजगार गतिविधियों को गति मिलेगी, साथ ही क्षेत्रीय विकास को भी नया आयाम प्राप्त होगा।
0 टिप्पणियाँ