जिला कोरिया। धौराटिकरा सहकारी समिति में प्रबंधक को धमकी देकर 50 हजार रुपये की मांग करने के आरोप में एक ब्लॉगर के खिलाफ पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। मामले को लेकर जिला साहू समाज ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम भाड़ी निवासी अजय साहू, जो धौराटिकरा धान खरीदी सोसाइटी के प्रबंधक हैं तथा जामपारा सोसाइटी का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे हैं, ने बैकुंठपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि सोशल मीडिया ब्लॉग संचालित करने वाले महेंद्र पांडेय (पिता सत्यनारायण पांडेय), निवासी महुवारी महलपारा, बैकुंठपुर ने उनसे 50 हजार रुपये की मांग की।
शिकायत के अनुसार 28 अक्टूबर 2025 को आरोपी ने जामपारा सोसाइटी के कर्मचारियों दीपेश साहू और सोनू चेरवा को धमकाते हुए कहा कि अपने प्रबंधक से कहो 50 हजार रुपये पहुंचा दे, अन्यथा सोसाइटी नहीं चलने दूंगा। इसके बाद 20 नवंबर 2026 को आरोपी धौराटिकरा सोसाइटी कार्यालय पहुंचा और स्वयं को पत्रकार बताते हुए कहा कि “सोसाइटी चला रहे हो तो हम लोगों का भी ख्याल रखा करो, कुछ माल-पानी हमें भी दिया करो।
प्रबंधक द्वारा रकम के संबंध में पूछने पर आरोपी ने एकमुश्त 50 हजार रुपये की मांग की और कथित तौर पर कहा कि “हमारे संगठन के पत्रकारों को मैं मैनेज कर लूंगा।” रकम देने से इनकार करने पर आरोपी ने जाते-जाते कथित रूप से धमकी दी कि “मुझसे पंगा लेना महंगा पड़ेगा।
घटना के समय कार्यालय में कर्मचारी देवसाय सिंह सहित अन्य लोग मौजूद थे। शिकायतकर्ता का आरोप है कि 9 फरवरी 2026 को आरोपी ने अपने ब्लॉग पर एक पोस्ट प्रकाशित की, जिससे उनके सामाजिक एवं पारिवारिक मान-सम्मान को ठेस पहुंची। इससे आहत होकर उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने आरोपी महेंद्र पांडेय के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।
इधर, मामले को लेकर जिला साहू संघ ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
0 टिप्पणियाँ