चरचा माइंस में चोरी की बढ़ती घटनाएं, भारी भरकम लोहा लदा ओमनी वाहन पकड़ाया

चरचा कॉलरी। साऊथ ईस्ट कोलफील्ड्स लिमिटेड एसईसीएल बैकुंठपुर क्षेत्र अंतर्गत चरचा माइंस आर.ओ. में इन दिनों लोहा, कोयला, तांबा, केबल सहित अन्य सामग्रियों की चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। इससे प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। 
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह नियमित पेट्रोलिंग के दौरान एसईसीएल के सुरक्षा प्रहरी शिव सिंह एवं अन्य प्रहरियों ने एक संदिग्ध ओमनी कार (क्रमांक सीजी 16 बी 1791) को रोका। उक्त वाहन चरचा से ग्राम पंचायत सरडी के बाधपारा की ओर जा रहा था और उसमें एसईसीएल का भारी भरकम लोहा लोड था। सुरक्षा प्रहरियों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को धर दबोचा।हालांकि वाहन चालक मौके का फायदा उठाकर ओमनी कार छोड़कर फरार हो गया। सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दी। 
इसके बाद वाहन को जप्त कर चरचा थाना में सुपुर्द किया गया। बताया जा रहा है कि चरचा माइंस क्षेत्र में पिछले कुछ समय से कोयला और स्क्रैप की चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो ऐसी घटनाएं और बढ़ सकती हैं। पुलिस द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है तथा फरार चालक की तलाश की जा रही है। सूत्रों के अनुसार पकड़े गए वाहन से बरामद लोहा माइंस परिसर से अवैध रूप से निकाला गया बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में यह भी आशंका जताई जा रही है कि चोरी की इस घटना के पीछे संगठित गिरोह सक्रिय हो सकता है, जो लंबे समय से माइंस क्षेत्र में रेकी कर मौके की तलाश में रहते हैं। 
जानकारी यह भी मिली है कि हाल के दिनों में केबल, लोहे के एंगल, स्क्रैप और अन्य उपयोगी सामग्री की चोरी की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे कंपनी को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वाहन के पंजीयन के आधार पर उसके मालिक की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार चालक और इसमें शामिल अन्य लोगों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। स्थानीय नागरिकों ने भी माइंस क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताई है और प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि सरकारी संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ