28 फरवरी तक करें पंजीयन, पी.एम. आशा योजना के तहत समर्थन मूल्य पर होगी दलहन-तिलहन की खरीदी


मनेन्द्रगढ़–चिरमिरी–भरतपुर (एमसीबी)। कार्यालय उप संचालक कृषि, जिला मनेन्द्रगढ़–चिरमिरी–भरतपुर द्वारा जानकारी दी गई है कि प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (पी.एम. आशा) योजना अंतर्गत प्राइस सपोर्ट स्कीम के तहत खरीफ एवं रबी फसलों की खरीदी के लिए किसानों का पंजीयन 28 फरवरी तक किया जाएगा। पंजीयन सहकारी समितियों के माध्यम से ई-समृद्धि पोर्टल पर किया जा रहा है। उप संचालक कृषि ने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए अरहर, मूंग, उड़द एवं मूंगफली तथा रबी विपणन वर्ष 2026-27 के लिए चना, मसूर एवं सरसों की बुवाई करने वाले कृषक अपने क्षेत्र के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी के माध्यम से संबंधित सेवा सहकारी समिति में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। पंजीयन के समय आधार कार्ड एवं आधार से लिंक मोबाइल नंबर साथ लाना अनिवार्य है। योजना अंतर्गत न्यूनतम समर्थन मूल्य पर जिले के लिए चिन्हांकित एजेंसी राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ (NAFED) द्वारा पंजीकृत फसलों का उपार्जन किया जाएगा। शासन द्वारा घोषित समर्थन मूल्य के अनुसार अरहर 8000 रुपये प्रति क्विंटल, उड़द 7800 रुपये प्रति क्विंटल, मूंगफली 7623 रुपये प्रति क्विंटल, चना 5875 रुपये प्रति क्विंटल, मसूर 7000 रुपये प्रति क्विंटल तथा सरसों 6500 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।जिले में उपार्जन एवं भंडारण हेतु विकासखंड मनेन्द्रगढ़ एवं खड़गवां के लिए आदिम जाति सेवा सहकारी समिति चैनपुर तथा विकासखंड भरतपुर के लिए आदिम जाति सेवा सहकारी समिति जनकपुर को उपार्जन केंद्र के रूप में निर्धारित किया गया है। उपार्जन केंद्रों के माध्यम से सप्ताह में सोमवार से शुक्रवार तक फसलों की खरीदी की जाएगी।
योजना के तहत प्रति किसान निर्धारित सीमा के अनुसार प्रति एकड़ अरहर, मूंग एवं उड़द 3-3 क्विंटल, मूंगफली 7 क्विंटल तथा रबी फसल चना 6 क्विंटल, मसूर 2 क्विंटल एवं सरसों 5 क्विंटल तक उपार्जन किया जाएगा। जिले के कृषकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित अंतिम तिथि 28 फरवरी से पूर्व पंजीयन कराकर शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ अवश्य प्राप्त करें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ