चरचा कॉलरी। पीएम श्री प्राथमिक शाला चरचा के प्रांगण में स्कूल शिक्षा विभाग के शिक्षा सचिव सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी का आगमन हुआ। उनके साथ जिला शिक्षा अधिकारी वीके राय, खेल अधिकारी जितेंद्र गुप्ता, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी गोपाल कृष्ण दुबे, सहायक विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी देवेश जायसवाल, जिला कार्यालय से बृज गिरी तथा पीएम श्री संस्था की प्रमुख श्रीमती सीमा मिश्रा उपस्थित रहीं।
विद्यालय पहुंचने पर अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। इसके पश्चात अतिथियों ने विद्यालय में संचालित साइंस लर्निंग लैब का अवलोकन किया और बच्चों से विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान शिक्षा सचिव सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी ने सभी कक्षाओं में जाकर छात्र-छात्राओं से पढ़ाई से संबंधित प्रश्न पूछे। विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास और उत्साह के साथ उनके प्रश्नों के सटीक उत्तर दिए।
तीसरी कक्षा की छात्रा सोनम से गणित विषय से संबंधित प्रश्न पूछे जाने पर उसने ब्लैकबोर्ड पर हल लिखकर सही उत्तर प्रस्तुत किया। वहीं दूसरी कक्षा के छात्र ठनिष से अंग्रेजी की मात्राओं के बारे में पूछे जाने पर पूरी कक्षा के छात्र-छात्राओं ने मिलकर उत्तर दिया, जिससे सचिव काफी प्रभावित हुए।
इस अवसर पर संकुल समन्वयक राजेन्द्र मंडल, कमल डेडसेना, अनुज जोशी, तारषेन टोप्पो तथा डाएट की छात्रा दिव्या चक्रधारी भी उपस्थित रहीं।
शिक्षा सचिव ने विद्यालय में शैक्षणिक वातावरण, विद्यार्थियों की तैयारी एवं शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संदेश दिया।
शिक्षा सचिव सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी ने शिक्षकों के साथ बैठक कर विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, नवाचारों एवं पीएम श्री योजना के अंतर्गत उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि बच्चों में बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान (FLN) को मजबूत करना प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि प्रारंभिक कक्षाओं से ही उनकी नींव सुदृढ़ हो सके।
उन्होंने विद्यालय परिसर की स्वच्छता, मध्यान्ह भोजन व्यवस्था, पुस्तकालय संचालन एवं खेल गतिविधियों का भी निरीक्षण किया। सचिव ने बच्चों को नियमित रूप से पुस्तकालय का उपयोग करने तथा खेल-कूद में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय प्रबंधन द्वारा स्मार्ट क्लास, साइंस लर्निंग लैब और गतिविधि आधारित शिक्षण पद्धति की जानकारी दी गई, जिस पर शिक्षा सचिव ने संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पीएम श्री विद्यालयों का उद्देश्य बच्चों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है, जिससे वे भविष्य की चुनौतियों का सामना आत्मविश्वास के साथ कर सकें।
कार्यक्रम के अंत में सचिव ने छात्र-छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने, नियमित उपस्थिति बनाए रखने तथा अपने लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उनके आगमन से विद्यालय परिवार में उत्साह का वातावरण देखने को मिला।
0 टिप्पणियाँ