चरचा कॉलरी। कोरिया जिला के तत्वावधान में थाना क्षेत्र अंतर्गत चरचा के मुख्य मार्ग स्थित एनएच-43 पर शनिवार शाम पुलिस द्वारा विशेष जागरूकता एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। आगामी होली महापर्व को देखते हुए अभियान को विशेष सतर्कता और सख्ती के साथ अंजाम दिया गया। इस दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों की गहन जांच करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर चालानी कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक रवि कुर्रे के निर्देशन में यह अभियान संचालित किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना तथा सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाना है।
चरचा थाना प्रभारी उप निरीक्षक आनंद सोनी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एनएच-43 पर नाकाबंदी कर सघन जांच की। इस दौरान ट्रिपल सवारी, बिना नंबर प्लेट, तेज आवाज वाले साइलेंसर, तेज रफ्तार से वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं चारपहिया वाहनों में ब्लैक फिल्म, अवैध फ्रेम और ओवरलोडिंग करने वालों पर भी जुर्माना लगाया गया।
अभियान के दौरान कई वाहन चालकों को मौके पर ही यातायात नियमों की जानकारी दी गई और सावधानी बरतने की अपील की गई। अचानक हुई जांच से कुछ चालक घबराए नजर आए, जबकि कई नागरिकों ने पुलिस की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे अभियान समय-समय पर चलते रहने चाहिए और शहर के भीतर भी नियमित रूप से जांच की जानी चाहिए ताकि लापरवाह चालकों पर नियंत्रण रखा जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल चालान काटने तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों में यातायात के प्रति जागरूकता फैलाना इसका मुख्य उद्देश्य है। आम नागरिकों से अपील की गई कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, ट्रिपल सवारी से बचें, सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें और तेज रफ्तार से वाहन न चलाएं।
थाना प्रभारी ने बताया कि आगामी दिनों में विशेषकर त्योहारों के दौरान ऐसे अभियान और भी सख्ती के साथ चलाए जाएंगे, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना एवं अव्यवस्था को रोका जा सके।
इस दौरान सह उप निरीक्षक बालेश्वर महानंदी, प्रधान आरक्षक बृजेश सिंह, प्रधान आरक्षक अमित त्रिपाठी, विकास सिंह सहित पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहनों की भी बारीकी से जांच की तथा वाहन चालकों के दस्तावेज ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन, बीमा एवं प्रदूषण प्रमाण पत्र की जांच की गई। जिन चालकों के पास आवश्यक दस्तावेज नहीं पाए गए, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि होली जैसे त्योहारों के दौरान हुड़दंग, नशे में वाहन चलाने और तेज रफ्तार के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इसे देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। साथ ही असामाजिक तत्वों पर भी नजर रखी जा रही है ताकि त्योहार शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
अभियान के दौरान कुछ युवाओं को हेलमेट न पहनने और ट्रिपल सवारी करने पर समझाइश दी गई। पुलिस ने कहा कि नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए आवश्यक है।
स्थानीय नागरिकों ने कहा कि एनएच-43 पर अक्सर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही रहती है, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ऐसे में नियमित जांच अभियान से निश्चित रूप से दुर्घटनाओं में कमी आएगी और लोगों में अनुशासन की भावना मजबूत होगी।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन कर ही सुरक्षित और खुशहाल समाज का निर्माण संभव है। त्योहारों के दौरान शांति, सौहार्द और सुरक्षा बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
0 टिप्पणियाँ