मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से पत्रकारों की मुलाकात, आवासीय भूखंड आवंटन और कलेक्ट्रेट परिसर में पत्रकार कक्ष निर्माण की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन


जिला कोरिया। कोरिया जिले में जनपक्षधर एवं सकारात्मक पत्रकारिता को सुदृढ़ करने की दिशा में जिला जर्नलिस्ट प्रेस क्लब कोरिया के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर पत्रकारों की विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।

रेस्ट हाउस बैकुंठपुर में आयोजित इस मुलाकात के दौरान क्लब के संरक्षक उत्तम कश्यप, अध्यक्ष प्रवीन्द्र सिंह, सचिव योगेश चंद्रा, उपाध्यक्ष राजेश राज गुप्ता एवं कार्यालय प्रभारी जूही खातून उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि जिले के अधिकांश पत्रकारों के पास स्वयं का आवास नहीं है, जिसके कारण उन्हें कई प्रकार की व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

ज्ञापन में जिला मुख्यालय में लगभग 5 एकड़ भूमि आवासीय भूखंड के रूप में उपलब्ध कराने की मांग की गई, ताकि पत्रकारों को स्थायित्व और सुरक्षा मिल सके तथा वे निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता कर सकें।

कलेक्ट्रेट परिसर में पत्रकार कक्ष की मांग

पत्रकारों ने यह भी बताया कि कोरिया जिले एवं दूरस्थ अंचलों से पत्रकार नियमित रूप से जनहितकारी कार्यों और समाचार संकलन के सिलसिले में कलेक्ट्रेट परिसर आते हैं, किंतु उनके बैठने के लिए किसी समुचित कक्ष की व्यवस्था नहीं है। धूप, वर्षा और कड़ाके की ठंड के समय उन्हें अत्यधिक असुविधा झेलनी पड़ती है।

प्रतिनिधिमंडल ने आग्रह किया कि कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिला जनसंपर्क कार्यालय के समीप उपलब्ध रिक्त भूखंड पर पत्रकारों के लिए एक सुसज्जित कक्ष का निर्माण कराया जाए। इससे पत्रकारों को आधारभूत सुविधाएं मिलेंगी और शासन-प्रशासन से जुड़े जनहित के मुद्दों का निर्बाध कवरेज संभव हो सकेगा।

पत्रकारों ने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर पत्रकारिता के सशक्तिकरण की दिशा में ठोस पहल करेगी।

मुख्यमंत्री ने पत्रकार प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि पत्रकारों की सुविधाओं से जुड़े विषयों पर शासन स्तर पर सकारात्मक विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है और शासन की योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को आमजन तक पहुंचाने में मीडिया की सहभागिता सराहनीय है।

मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को पत्रकारों की मांगों का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश देने की बात कही। उन्होंने यह भी कहा कि पत्रकारों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है, ताकि वे निर्भीक और निष्पक्ष रूप से अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।

इस अवसर पर पत्रकार प्रतिनिधिमंडल ने कोरिया जिले में मीडिया के माध्यम से संचालित जनजागरूकता अभियानों, सामाजिक सरोकारों और विकास संबंधी मुद्दों पर निरंतर किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार पत्रकारों के हितों की रक्षा एवं उनकी सुविधाओं के विस्तार के लिए संवेदनशीलता के साथ निर्णय लेगी।

मुलाकात सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई और अंत में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ