जिला कोरिया। राज्य परियोजना कार्यालय समग्र शिक्षा, रायपुर द्वारा संचालित एवं जिला प्रशासन के निर्देशानुसार राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत कोरिया जिले के शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए एकदिवसीय शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस शैक्षणिक भ्रमण में जिले के सेजेस खरवत, सेजेस महलपारा, सेजेस चरचा, माध्यमिक शाला ओड़गी तथा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिशुनपुर के मिडिल एवं सेकेंडरी स्तर के कुल 100 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों में विज्ञान, इतिहास एवं भूगर्भीय ज्ञान के प्रति रुचि विकसित करना था।
कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर कोरिया श्रीमती चंदन त्रिपाठी एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में किया गया। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी एवं स्कूल शिक्षा विभाग के सहायक संचालक के निर्देशन में कार्यक्रम का संचालन सुनिश्चित किया गया।
विद्यार्थियों को प्रातः 9 बजे सेजेस खरवत से आवश्यक दिशा-निर्देश एवं शुभकामनाओं के साथ शैक्षणिक भ्रमण हेतु रवाना किया गया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने एशिया के सबसे बड़े गोंडवाना मरीन फॉसिल पार्क, मनेंद्रगढ़ का अवलोकन किया। हसदेव नदी के तट पर लगभग एक किलोमीटर क्षेत्र में फैले इस पार्क में करीब 29 करोड़ वर्ष पुराने समुद्री जीवों के जीवाश्म चट्टानों एवं बोल्डरों में संरक्षित हैं। यह स्थल राष्ट्रीय भूवैज्ञानिक स्मारक के रूप में अधिसूचित है।
पार्क स्थित जुरासिक रॉक गार्डन एवं इंटरप्रिटेशन सेंटर में विद्यार्थियों को भूगर्भीय इतिहास, जीवाश्म विज्ञान, पृथ्वी की उत्पत्ति तथा पृथ्वी पर जीवन के विकास से संबंधित जानकारी वैज्ञानिक एवं दृश्य माध्यमों से प्रदान की गई, जिससे विद्यार्थियों ने विषयों को प्रत्यक्ष रूप से समझा।
इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों ने चिरमिरी पोड़ी स्थित जगन्नाथ मंदिर के दर्शन भी किए। यह एकदिवसीय शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए न केवल ज्ञानवर्धक रहा, बल्कि विज्ञान एवं इतिहास को व्यवहारिक रूप से समझने का प्रेरणादायक अवसर भी सिद्ध हुआ।
0 टिप्पणियाँ