चरचा कॉलरी। अखिल भारतीय शेषन स्मृति 50वां गोल्ड कप फुटबॉल टूर्नामेंट के स्वर्ण जयंती समारोह के अंतर्गत प्रतियोगिता के तीसरे दिन का तीसरा मुकाबला स्पोर्टिंग एर्थोटी, रांची (झारखंड) एवं एफसी जान, इम्फाल (मणिपुर) के बीच खेला गया। मुकाबला रोमांच से भरपूर रहा, जिसमें दर्शकों को अंत तक सांस थामे रहना पड़ा।
मैच के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ फुटबॉल संघ के सचिव एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी चिरमिरी डॉ. अशोक बिराजी, वरिष्ठ कार्मिक प्रबंधक हीरा सिंह एवं ददन राम रहे। अतिथियों द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने के पश्चात राष्ट्रगान के साथ मैच की शुरुआत हुई। इस अवसर पर मंच पर हेमसागर यादव, धर्मेंद्र सिंह, धर्मवीर सिंह, प्रदीप डे, नीरज गुप्ता, शशि भूषण राय एवं जितेन्द्र श्रीवास्तव उपस्थित रहे।
मैच के प्रारंभ से ही स्पोर्टिंग एर्थोटी, रांची की टीम ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया और कई बार गोल करने के मौके बनाए, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। वहीं एफसी जान, इम्फाल की टीम ने भी शानदार बचाव और जवाबी हमले किए। मध्यांतर तक दोनों टीमें गोल करने में असफल रहीं और स्कोर 0–0 बना रहा।
मध्यांतर के बाद मणिपुर की टीम ने दबाव बनाते हुए आक्रामक खेल दिखाया। एक सुनहरा अवसर भी मिला, लेकिन रांची टीम के गोलकीपर ने बेहतरीन सूझबूझ का परिचय देते हुए गोल बचा लिया। निर्धारित समय तक दोनों ही टीमें गोल नहीं कर सकीं और मुकाबला 0–0 की बराबरी पर समाप्त हुआ।
इसके पश्चात मुख्य निर्णायक के निर्णय अनुसार पेनाल्टी शूटआउट कराया गया, जिसमें एफसी जान, इम्फाल (मणिपुर) ने स्पोर्टिंग एर्थोटी, रांची (झारखंड) को 5–4 से पराजित कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
मैच का मैन ऑफ द मैच पुरस्कार एफसी जान इम्फाल मणिपुर के खिलाड़ी जर्सी नंबर 9 जुनेद खान को दिया गया। यह पुरस्कार हिन्द विद्यालय इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल की ओर से प्रदान किया गया, जिसे डॉ. अशोक बिराजी के हाथों सम्मानित किया गया।
मैच के मुख्य निर्णायक आशीष तिवारी, सहायक निर्णायक प्रफुल्ल कुमार एवं भरत राजवाड़े, फोर्थ ऑफिशियल विशाल प्रजापति, मैच कमिश्नर अनिल कचेर तथा अतिरिक्त निर्णायक विजय विश्वकर्मा रहे। ग्राउंड मैनेजमेंट एवं फिजियोथैरेपी में मो. रफीक की अहम भूमिका रही।
आयोजन समिति में अध्यक्ष सह क्षेत्र प्रबंधक संजय कुमार, उपाध्यक्ष संदीप कुमार, सचिव मो. रियाज, सह-सचिव तपेश्वर प्रसाद एवं प्रवीन डेहरिया, तथा कोषाध्यक्ष महेश कुमार को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आयोजकों ने नगरवासियों एवं खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने और इस ऐतिहासिक स्वर्ण जयंती प्रतियोगिता को सफल बनाने की अपील की है।
चौथे दिन दो मुकाबले खेले जाएंगे।
मैच का शुभारंभ दोपहर 1:30 बजे होगा।
पहला मुकाबला खड़कपुर, पश्चिम बंगाल बनाम एमएजी, बैंगलोर (कर्नाटक) तथा दूसरा मुकाबला बक्सर, बिहार बनाम एससी रेलवे, नागपुर के बीच खेला जाएगा।
0 टिप्पणियाँ