शिवपुर–चरचा मुक्तिधाम में व्यापक सफाई व विकास अभियान, अध्यक्ष अरुण जायसवाल की पहल से बदलेगा स्वरूप, 40 लाख के विकास कार्यों का प्रस्ताव प्रेषित


चरचा कॉलरी। नगर पालिका शिवपुर–चरचा के वार्ड क्रमांक 1 स्थित मुक्तिधाम में व्यापक स्वच्छता, समतलीकरण एवं विकास की दिशा में विशेष अभियान चलाया गया। पालिका अध्यक्ष अरुण जायसवाल के निर्देश और नेतृत्व में संचालित इस अभियान के तहत लंबे समय से उपेक्षित पड़े मुक्तिधाम परिसर को स्वच्छ, व्यवस्थित और सम्मानजनक स्वरूप देने की ठोस पहल की गई।
अभियान के दौरान पालिका कर्मियों ने मुक्तिधाम शेड, कंक्रीट छत एवं अन्य संरचनाओं की संपूर्ण सफाई की। परिसर में फैली गंदगी को हटाया गया तथा अंतिम संस्कार स्थल पर मिट्टी डालकर समतलीकरण कराया गया, जिससे दाह संस्कार के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बहते पानी और नाले के आसपास उगी बड़ी-बड़ी झाड़ियों की सफाई भी कराई गई।
जानकारी के अनुसार मुक्तिधाम के समीप नाले किनारे भी कुछ लोग दाह संस्कार कर देते थे, जिससे आसपास गंदगी फैल रही थी। इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए उस क्षेत्र की भी विशेष सफाई कर समुचित समतलीकरण कराया गया। अब पूरा परिसर पहले की तुलना में अधिक स्वच्छ, खुला और व्यवस्थित नजर आ रहा है।
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष अरुण जायसवाल ने कहा कि मुक्तिधाम जैसे संवेदनशील स्थल को भी असामाजिक तत्व नहीं छोड़ते। यहां बने कमरे के दरवाजे और खिड़कियां चोरी हो जाने की जानकारी मिली है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शीघ्र ही नए दरवाजे-खिड़कियां लगवाए जाएंगे। साथ ही दाह संस्कार के दौरान गरीब परिवारों के लिए निशुल्क लकड़ियों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि किसी भी जरूरतमंद परिवार को आर्थिक कठिनाई का सामना न करना पड़े।
40 लाख के विकास कार्यों का प्रस्ताव

अध्यक्ष ने बताया कि मुक्तिधाम के समग्र विकास के लिए राज्य शासन को लगभग 40 लाख रुपये के विभिन्न कार्यों का प्रस्ताव प्रेषित किया गया है। प्रस्ताव स्वीकृत होने के बाद परिसर में पक्की संरचनाएं, समुचित जल निकासी व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, शेड विस्तार, मार्ग निर्माण एवं सौंदर्यीकरण जैसे कार्य कराए जाएंगे। इससे मुक्तिधाम का स्वरूप पूरी तरह बदल जाएगा और शोकाकुल परिजनों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण में अंतिम संस्कार की सुविधा मिल सकेगी।
अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ निरीक्षण

सफाई एवं निरीक्षण के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी वशिष्ठ कुमार ओझा, उप अभियंता आलोक चक्रधारी, पार्षद प्रदीप तिवारी, धर्मपाल एवं राजेंद्र पाल सहित नगर पालिका का अमला उपस्थित रहा और कार्यों की मॉनिटरिंग करता रहा। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि शहर के अन्य वार्डों में भी इसी प्रकार स्वच्छता और विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
नगर पालिका प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें और मुक्तिधाम जैसे संवेदनशील स्थान की गरिमा बनाए रखें।
जनहित को सर्वोपरि रखते हुए अध्यक्ष अरुण जायसवाल की यह पहल न केवल स्वच्छता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है, बल्कि यह भी साबित करती है कि उनकी सोच नगर के समग्र विकास और नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में केंद्रित है। नगरवासियों ने इस जनोपयोगी कार्य के लिए अध्यक्ष एवं पालिका प्रशासन की सराहना की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ