स्काई वाचिंग कार्यक्रम से बच्चों ने टेलीस्कोप से देखा सूर्य, चंद्रमा और ग्रह

 

जिला कोरिया। जिला मुख्यालय में छात्र-छात्राओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने, तार्किक सोच को प्रोत्साहित करने तथा खगोल विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से ब्रेकथ्रू साइंस सोसायटी कोरिया द्वारा किड्स वर्ल्ड पब्लिक स्कूल बैकुंठपुर में विशेष स्काई वाचिंग प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की सभी कक्षाओं के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने टेलीस्कोप के माध्यम से सूर्य के काले धब्बों (सनस्पॉट) का सुरक्षित अवलोकन किया। सूर्यास्त के बाद छात्रों एवं अभिभावकों ने चंद्रमा, बृहस्पति और शनि ग्रह को नजदीक से देखा। अंतरिक्ष के इन अद्भुत दृश्यों को देखकर बच्चों में खासा उत्साह देखा गया।

संस्था के सदस्य एवं शिक्षक अमरनाथ सिंह ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए बताया कि सूर्य पर दिखाई देने वाले काले धब्बों को सनस्पॉट कहा जाता है। ये सूर्य की तीव्र चुंबकीय गतिविधि के कारण बनने वाले अपेक्षाकृत ठंडे क्षेत्र होते हैं, जिनका तापमान आसपास के भागों से कम होने के कारण वे काले दिखाई देते हैं। वहीं चंद्रमा के काले धब्बों को “मारीया” कहा जाता है, जो प्राचीन ज्वालामुखीय विस्फोटों से निकले लावा के ठंडा होकर मैदान बनने से बने स्थायी भू-आकृतिक संरचनाएं हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सूर्य के धब्बे अस्थायी और गतिशील होते हैं, जबकि चंद्रमा के धब्बे स्थायी होते हैं।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने ब्रह्माण्ड, सौरमंडल और ग्रहों से संबंधित अनेक प्रश्न पूछे। प्रोजेक्टर के माध्यम से ब्रह्माण्ड पर आधारित कॉसमॉस मूवी भी प्रदर्शित की गई, जिससे विद्यार्थियों को अंतरिक्ष के रहस्यों को समझने में सहायता मिली।

जिला संयोजक एवं व्याख्याता कमल डडसेना ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों में वैज्ञानिक चेतना को मजबूत करती हैं और समाज में व्याप्त अंधविश्वास एवं भ्रांतियों को दूर करने में सहायक होती हैं। उन्होंने भविष्य में जिले के अन्य विद्यालयों में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, समस्त स्टाफ, छात्र-छात्राएं तथा संस्था के सदस्य ललित, नवीन और संध्या की सक्रिय उपस्थिति रही। पूरे आयोजन ने विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति नई जिज्ञासा और उत्साह का संचार किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ