तालाब–पोखरी में अभ्यास, विश्व मंच पर परचमतीन स्वर्ण पदक जीतकर वेद राम रजवाड़े बने छत्तीसगढ़ के ‘गोल्डन बॉय’

जिला कोरिया। संसाधनों की कमी को कभी अपनी कमजोरी नहीं बनने देने वाले सूरजपुर जिले के बलरामपुर गांव के होनहार तैराक वेद राम रजवाड़े ने वह कर दिखाया है, जो हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा बन गया है। नासिक (महाराष्ट्र) में आयोजित नेशनल मास्टर गेम्स 2026 में वेद राम (पिता श्री होलसायं राजवाड़े) ने असाधारण प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण पदक जीतकर न सिर्फ इतिहास रचा, बल्कि छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर गौरव दिलाया।

फ्रीस्टाइल में स्वर्णिम प्रदर्शन

देशभर के दिग्गज तैराकों के बीच वेद राम ने तैराकी की सबसे कठिन मानी जाने वाली फ्रीस्टाइल स्पर्धा में अपनी श्रेष्ठता साबित करते हुए 100 मीटर फ्रीस्टाइल स्वर्ण पदक,
200 मीटर फ्रीस्टाइल स्वर्ण पदक, 400 मीटर फ्रीस्टाइल स्वर्ण पदक अपने नाम किए।

इस ऐतिहासिक प्रदर्शन के साथ ही उन्होंने वर्ल्ड मास्टर गेम्स 2026 के लिए क्वालीफाई कर लिया है, जहां वे अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
जब स्विमिंग पूल बंद हुआ, तालाब बना प्रशिक्षण केंद्र

वेद राम की संघर्षगाथा किसी प्रेरणादायक कहानी से कम नहीं है। सूरजपुर का एकमात्र स्विमिंग पूल बंद होने के बाद जहां अधिकांश खिलाड़ी अभ्यास छोड़ देते हैं, वहीं वेद राम ने हार नहीं मानी। उन्होंने अपने गांव के तालाब और बलरामपुर कोल माइंस की पोखरी (गड्ढे) को ही अपना अभ्यास स्थल बना लिया।

गंदा पानी, अनिश्चित गहराई और जोखिम भरे हालात—इन सबके बीच की गई कड़ी मेहनत ने वेद राम को आज छत्तीसगढ़ का ‘गोल्डन बॉय’ बना दिया।

दिन में दुकान, शाम को तैराकी का अभ्यास

वेद राम लटोरी में ‘वेद प्रिंटिंग’ नाम से एक छोटी सी दुकान चलाते हैं। दिनभर ग्राहकों की सेवा और छपाई का काम करने के बाद वे बिना थके घंटों तैराकी का अभ्यास करते हैं। इतना ही नहीं, वे अपने क्षेत्र के युवाओं को निःशुल्क प्रशिक्षण देकर खेल के प्रति जागरूक भी कर रहे हैं। उनकी दिनचर्या यह साबित करती है कि सच्चा जुनून कभी समय या हालात का मोहताज नहीं होता।

परिवार, गांव और क्षेत्र में खुशी की लहर

वेद राम की इस ऐतिहासिक सफलता से उनके पिता श्री होलसायं राजवाड़े, परिवारजनों और पूरे गांव में खुशी की लहर है। ग्रामीणों का कहना है वेद ने साबित कर दिया कि अगर हौसले बुलंद हों, तो हालात भी रास्ता दे देते हैं। बलरामपुर और सूरजपुर जिले के खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।

पुलिस विभाग में भी गर्व का माहौल।

उल्लेखनीय है कि वेद राम रजवाड़े, चरचा थाना में ऑपरेटर के पद पर पदस्थ मधू प्रसाद राजवाड़े के भांजे हैं। उनकी इस उपलब्धि से पुलिस विभाग सहित पूरे क्षेत्र में गर्व और हर्ष का वातावरण है। मधू प्रसाद राजवाड़े ने कहा कि वेद राम ने सीमित संसाधनों के बावजूद कड़ी मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास से यह मुकाम हासिल किया है।

प्रशासन से विशेष सहयोग की मांग

स्थानीय नागरिकों, खेल प्रेमियों और जनप्रतिनिधियों ने शासन–प्रशासन से मांग की है कि ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी को उन्नत प्रशिक्षण सुविधाएं, आधुनिक स्विमिंग पूल, आर्थिक सहायता और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए विशेष तैयारी प्रदान की जाए, ताकि वे विश्व मंच पर भी देश और राज्य का नाम रोशन कर सकें।

वेद राम रजवाड़े की यह जीत सीमित संसाधनों में लड़ी गई वह जंग है, जो हर उस युवा को जवाब देती है, जो सुविधाओं की कमी को अपनी असफलता का कारण मानता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ