स्वर्ण जयंती के रूप में आयोजित होगा 50वां अखिल भारतीय शेषन स्मृति गोल्ड कप फुटबॉल टूर्नामेंट आगाज 3 फरवरी को महाजन स्टेडियम में


चरचा कॉलरी। कोयलांचल क्षेत्र में खेल प्रेमियों के लिए एक गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक अवसर आने वाला है। अखिल भारतीय शेषन स्मृति 50वां गोल्ड कप फुटबॉल टूर्नामेंट इस वर्ष स्वर्ण जयंती समारोह के रूप में भव्य और यादगार अंदाज़ में आयोजित किया जा रहा है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता पिछले पाँच दशकों से भारतीय फुटबॉल को नई दिशा देने के साथ-साथ देशभर की उभरती प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करती आ रही है।
उद्घाटन समारोह में होंगे विशिष्ट अतिथि

उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय महाप्रबंधक श्री बी. एन. झा होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद शिवपुर चरचा अध्यक्ष अरुण जयसवाल, सह क्षेत्र प्रबंधक, चरचा माइंस (आर.ओ. संजय कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। प्रतियोगिता का आयोजन श्री संजय कुमार की अध्यक्षता में संपन्न होगा।


देशभर की 16 नामचीन टीमें लेंगी हिस्सा

इस अखिल भारतीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, कर्नाटक, केरल, तेलंगाना, राजस्थान, तमिलनाडु, दिल्ली, मणिपुर, गोवा, बिहार सहित देश के विभिन्न राज्यों की कुल 16 आमंत्रित और नामचीन टीमें भाग लेंगी। इनमें हीरोज क्लब वाराणसी, चेन्नई कस्टम, दिल्ली पुलिस, केरल पुलिस, आर.टी. बॉयज हैदराबाद सहित कई प्रतिष्ठित क्लब शामिल हैं। अनुभवी खिलाड़ियों के साथ-साथ युवा प्रतिभाएं भी अपने कौशल, रणनीति और खेल भावना का प्रदर्शन करेंगी।
भव्य तैयारियां, बेहतर सुविधाएं

स्वर्ण जयंती वर्ष को देखते हुए आयोजन को पहले से कहीं अधिक भव्य, आकर्षक और यादगार बनाने की व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन समिति एवं एसईसीएल प्रबंधन द्वारा मैदान की साज-सज्जा, खिलाड़ियों के ठहरने व भोजन की समुचित व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन तथा दर्शकों के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

खेल संस्कृति और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक

शेषन स्मृति गोल्ड कप केवल एक फुटबॉल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि यह खेल संस्कृति, अनुशासन, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता का सशक्त प्रतीक बन चुका है। इस टूर्नामेंट से अब तक कई खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुके हैं। स्वर्ण जयंती संस्करण स्थानीय युवाओं और खिलाड़ियों के लिए विशेष प्रेरणा का स्रोत बनेगा।

टूर्नामेंट को लेकर क्षेत्र के खेल प्रेमियों, युवाओं और फुटबॉल समर्थकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। यह आयोजन एक बार फिर चरचा कॉलरी को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर विशेष पहचान दिलाने के लिए पूरी तरह तैयार है।
आयोजन समिति
प्रतियोगिता के सफल आयोजन हेतु अध्यक्ष सह क्षेत्र प्रबंधक संजय कुमार, उपाध्यक्ष संदीप कुमार, सचिव मो. रियाज,
सह सचिव तपेश्वर प्रसाद, प्रवीन डेहरिया, कोषाध्यक्ष महेश कुमारको जिम्मेदारी सौंपी गई है।

आयोजकों ने नगरवासियों एवं खेल प्रेमियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें और इस ऐतिहासिक स्वर्ण जयंती प्रतियोगिता को सफल बनाएं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ