सेजस चरचा का दबदबा: सरगुजा ओलम्पिक 2025 की वॉलीबॉल प्रतियोगिता में महिला-पुरुष दोनों वर्गों में प्रथम स्थान


जिला कोरिया। जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग कोरिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सरगुजा ओलम्पिक 2025 के अंतर्गत दिनांक 9 फरवरी को कोरिया जिले में आयोजित वॉलीबॉल प्रतियोगिता में बैकुंठपुर विकासखंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया।

प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में स्वामी आत्मानंद स्कूल चरचा के होनहार खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया और विद्यालय को गौरवान्वित किया। खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष और उत्साह का माहौल है।

सेजेस चरचा से विजेता टीम में विकास सोनवानी, अब्दुल, गजेंद्र, पूर्णिमा, हरमिंदर, रघुवीर, रणवीर और ओम शामिल हैं।

जीत हासिल कर लौटे खिलाड़ियों को विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं। यह सफलता खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है, जो आने वाले समय में जिले के खेल विकास के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों के निरंतर अभ्यास, टीम भावना और प्रशिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन का प्रतिफल है। प्रबंधन ने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी विद्यालय एवं बैकुंठपुर विकासखंड के खिलाड़ी इसी तरह राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेंगे।

इस अवसर पर खेल विभाग के अधिकारियों ने भी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि सरगुजा ओलम्पिक जैसे आयोजनों से ग्रामीण एवं शहरी प्रतिभाओं को मंच मिलता है और युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ती है। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के उत्साह, अनुशासन और खेल भावना की सभी ने सराहना की।

अंत में विजेता टीमों को सम्मानित कर उन्हें आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ