14 मार्च को जिलेभर में नेशनल लोक अदालतअधिकतम मामलों के निपटारे को लेकर तैयारियों की बड़ी समीक्षा बैठक


जिला कोरिया। छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के तत्वावधान में वर्ष 2026 की पहली नेशनल लोक अदालत के सफल, प्रभावी एवं व्यापक आयोजन को सुनिश्चित करने हेतु जिला स्तर पर बड़ी समीक्षा बैठक आयोजित की गई। आगामी 14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली इस महत्वपूर्ण लोक अदालत को लेकर विभागीय अधिकारियों एवं जिले के समस्त बैंक प्रबंधकों के साथ गहन विचार-विमर्श किया गया।
बैठक की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती विनीता वार्नर ने की। बैठक में प्रथम जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश श्री मानवेन्द्र सिंह, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश (फास्ट ट्रैक विशेष न्यायालय) श्री आनंद प्रकाश वारियाल, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुश्री पायल टोपनो सहित नगरपालिका, विद्युत विभाग, दूरसंचार विभाग के अधिकारी तथा जिले में संचालित सभी बैंकों के प्रबंधक उपस्थित रहे।

अध्यक्ष ने बैठक को संबोधित करते हुए स्पष्ट किया कि वर्ष 2026 की यह पहली नेशनल लोक अदालत आमजन को त्वरित, सुलभ एवं कम खर्चीला न्याय प्रदान करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों एवं बैंकों को निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों एवं प्री-लिटिगेशन स्तर के मामलों की अधिकतम संख्या चिन्हित कर शीघ्र प्रस्तुत किया जाए, ताकि लोक अदालत के माध्यम से उनका समाधान संभव हो सके।
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि नगरपालिका, विद्युत, दूरसंचार विभाग एवं बैंक बकाया प्रकरणों में ब्याज एवं जुर्माने पर वास्तविक और प्रभावी छूट प्रदान करें, जिससे आम नागरिकों को अधिकतम वैधानिक राहत मिल सके और आपसी सहमति से मामलों का निराकरण हो।

जिला प्रशासन एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे 14 मार्च 2026 को आयोजित नेशनल लोक अदालत में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपने लंबित मामलों का त्वरित समाधान कराएं। यह नेशनल लोक अदालत जिले के सभी न्यायिक क्षेत्राधिकारों—जिला एवं सत्र न्यायालय सूरजपुर, कुटुम्ब न्यायालय सूरजपुर, तालुका न्यायालय प्रतापपुर सहित जिले के समस्त अनुविभागीय एवं तहसील न्यायालयों में एक साथ आयोजित की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ