जिला कोरिया।वैज्ञानिक शिक्षा के अंतर्गत छात्र-छात्राओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं तार्किक मन विकसित करने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न विद्यालयों में जिला शिक्षा विभाग एवं ब्रेकथ्रू साइंस सोसायटी कोरिया के तत्वावधान में साइंस लर्निंग सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। इसी कड़ी में गत दिवस शासकीय माध्यमिक शाला रनई में साइंस लर्निंग सेंटर का विधिवत उद्घाटन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्रेकथ्रू साइंस सोसायटी कोरिया के जिला संयोजक श्री कमल डडसेना (व्याख्याता) रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री भास्करानंद कुशवाहा, प्राचार्य शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रनई ने की। कार्यक्रम का संचालन साइंस लर्निंग सेंटर के प्रभारी शिक्षक श्री राकेश जायसवाल द्वारा किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा निर्मित विज्ञान के विभिन्न मॉडलों का अतिथियों द्वारा अवलोकन किया गया। विद्यार्थियों ने स्वयं अपने-अपने मॉडलों के कार्य और सिद्धांतों की जानकारी देकर अपनी वैज्ञानिक समझ का परिचय दिया।
मुख्य अतिथि श्री कमल डडसेना ने अपने संबोधन में कहा कि जिले की सभी माध्यमिक शालाओं में शीघ्र ही इस प्रकार के साइंस लर्निंग सेंटर स्थापित किए जाएंगे, जिससे बच्चों में वैज्ञानिक सोच, तार्किक क्षमता और विज्ञान के प्रति रुचि को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि अब इस लर्निंग सेंटर के माध्यम से सप्ताह में एक दिन विज्ञान एवं गणित विषयों का अध्ययन प्रयोगों के जरिए कराया जाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संकुल प्राचार्य श्री भास्करानंद कुशवाहा ने कहा कि साइंस लर्निंग सेंटर से विद्यार्थियों का शैक्षणिक स्तर और अधिक सुदृढ़ होगा। इससे बच्चों में रचनात्मक कौशल, चेतना एवं नवाचारी सोच का विकास होगा, जो उनके सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होगा।
इस अवसर पर संकुल प्राचार्य श्री भास्करानंद कुशवाहा, प्रधान पाठक श्री बिजेंद्र पैकरा, शिक्षक श्री राकेश जायसवाल, श्रीमती स्वागतिका सतपथी, श्री भोलेश्वर देवांगन, श्री निकेश साहू, व्याख्याता श्री कमल डडसेना सहित समस्त शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों द्वारा विद्यार्थियों के उत्कृष्ट विज्ञान मॉडलों की सराहना की गई और उन्हें भविष्य में इसी तरह नवाचार एवं प्रयोग आधारित सीख को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। अतिथियों ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान से आगे बढ़कर व्यावहारिक समझ प्रदान करती हैं, जिससे वे विज्ञान को सरल और रोचक तरीके से सीख पाते हैं।
विद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। साइंस लर्निंग सेंटर के शुभारंभ से विद्यालय में शैक्षणिक वातावरण और अधिक सक्रिय एवं नवोन्मेषी बनने की उम्मीद जताई गई।
0 टिप्पणियाँ