पीएम पोर्टल और जन शिकायत पोर्टल के नाम पर उगाही का गोरखधंधा,फर्जी शिकायतों से अफसर–जनप्रतिनिधि दहशत में, संगठित वसूली गिरोह सक्रिय

बैकुंठपुर/कोरिया।प्रधानमंत्री पोर्टल और जन शिकायत पोर्टल जैसी जनहितकारी योजनाओं को बदनाम कर उगाही करने वाला एक संगठित गिरोह जिले में सक्रिय होने का बड़ा मामला सामने आया है। यह गिरोह फर्जी और द्वेषपूर्ण शिकायतों के जरिए निर्दोष नागरिकों, शासकीय अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर उनसे मोटी रकम वसूल रहा है।

सूत्रों के अनुसार गिरोह के सदस्य पहले पोर्टल पर गंभीर, झूठे और बदनाम करने वाले आरोपों के साथ शिकायत दर्ज कराते हैं। शिकायत दर्ज होते ही संबंधित व्यक्ति पर जांच और कार्रवाई का भय मंडराने लगता है। इसी दबाव का फायदा उठाकर गिरोह के सदस्य फोन कॉल, मैसेज या बिचौलियों के माध्यम से संपर्क करते हैं और शिकायत वापस लेने या “मैनेज” करने के नाम पर बड़ी रकम की मांग करते हैं।

बताया जा रहा है कि इस वसूली गिरोह में आधा दर्जन से अधिक लोग शामिल हैं, जिनकी नियमित मौजूदगी जिले के प्रमुख चौक-चौराहों पर देखी जाती है। आए दिन हो रही फर्जी शिकायतों से न केवल आम नागरिक बल्कि पूरा प्रशासनिक तंत्र परेशान है। शिकायत निवारण जैसी पवित्र व्यवस्था को बदनाम कर खुलेआम अवैध कमाई की जा रही है।

इस मामले को लेकर पीड़ितों और सामाजिक संगठनों में भारी आक्रोश है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि फर्जी व द्वेषपूर्ण शिकायत करने वालों की गहन जांच की जाए तथा इस संगठित गिरोह की पहचान कर उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया में मजबूत सत्यापन व्यवस्था लागू करने की आवश्यकता भी जताई जा रही है, ताकि जन शिकायत पोर्टल की विश्वसनीयता बनी रहे।

सूत्रों की मानें तो मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। अब जिले की जनता की निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं—क्या इस संगठित वसूली गिरोह पर सख्त शिकंजा कसा जाएगा या यह गोरखधंधा यूं ही चलता रहेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ