चरचा कॉलरी। अखिल भारतीय शेषन स्मृति 50वें गोल्ड कप फुटबॉल टूर्नामेंट के स्वर्ण जयंती समारोह के अंतर्गत प्रतियोगिता के दसवें दिन पहला सेमीफाइनल मुकाबला अत्यंत रोमांचक माहौल में खेला गया। यह मुकाबला केरला पुलिस (केरल) एवं समलेश्वरी स्पोर्टिंग, सम्बलपुर (ओडिशा) के बीच आयोजित हुआ, जिसमें दर्शकों को कड़ी प्रतिस्पर्धा, अनुशासन और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला।
मैच से पूर्व अतिथियों द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया गया तथा राष्ट्रगान के साथ मुकाबले का शुभारंभ हुआ। खेल की शुरुआत अपराह्न 3:12 बजे हुई। आरंभ से ही दोनों टीमों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। खेल के पहले 5 मिनट में ही केरला पुलिस के जर्सी नंबर 17 बाबली ने शानदार गोल दागकर अपनी टीम को 1–0 की बढ़त दिला दी।
एक गोल खाने के बाद समलेश्वरी स्पोर्टिंग सम्बलपुर ने लगातार आक्रमण किए, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। वहीं केरला पुलिस को भी कई बार दूसरा गोल करने का अवसर मिला, पर गेंद गोल पोस्ट से बाहर जाती रही। मध्यांतर से ठीक एक मिनट पहले समलेश्वरी स्पोर्टिंग के जर्सी नंबर 18 रोबिना ने बेहतरीन गोल कर मुकाबले को 1–1 की बराबरी पर ला खड़ा किया। मध्यांतर तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं।
मध्यांतर के बाद मुकाबला और तेज हो गया। दूसरे हाफ के 9वें मिनट में केरला पुलिस के जर्सी नंबर 13 सुजील ने शानदार गोल कर टीम को 2–1 की निर्णायक बढ़त दिला दी। इसके तुरंत बाद केरला पुलिस को तीसरा गोल करने का भी मौका मिला, लेकिन गेंद लक्ष्य से बाहर निकल गई। पिछड़ने के बाद ओडिशा टीम ने आक्रामक खेल दिखाने की कोशिश की, पर केरला पुलिस ने मजबूत दबाव बनाते हुए बढ़त को बरकरार रखा।
समय के साथ मुकाबला और अधिक रोमांचक होता गया। दर्शकों में भारी उत्साह देखने को मिला। अंततः केरला पुलिस केरल ने 2–1 से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया।
इस रोमांचक मुकाबले में मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार केरला पुलिस के जर्सी नंबर 17 बाबली को अतिथियों के हाथों प्रदान किया गया। मैच का पुरस्कार चरचा वेस्ट जेसीसी धर्मवीर सिंह द्वारा दिया गया।
मैच के मुख्य निर्णायक विजय आनंद रहे। सहायक निर्णायक प्रभुल कुमार एवं आकाश पटवा, फोर्थ ऑफिशियल पप्पू कुमार तथा मैच कमिश्नर अनिल कचेर रहे। मैदान की देखरेख एवं फिजियोथैरेपी की जिम्मेदारी एसईसीएल से सेवानिवृत्त एवं पूर्व फुटबॉल खिलाड़ी मो. रफीक ने निभाई। मंच संचालन एवं अतिथियों की देखरेख मो. रियाज द्वारा की गई।
आयोजन समिति में अध्यक्ष सह क्षेत्र प्रबंधक संजय कुमार, उपाध्यक्ष संदीप कुमार, सचिव मो. रियाज, सह-सचिव तपेश्वर प्रसाद एवं प्रवीन डेहरिया, तथा कोषाध्यक्ष महेश कुमार को विभिन्न दायित्व सौंपे गए हैं। आयोजकों ने नगरवासियों एवं खेल प्रेमियों से अधिक संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।
ग्यारहवें दिन दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला दोपहर 3:00 बजे सेरसा खड़कपुर (पश्चिम बंगाल) एवं जॉय यूनिवर्सिटी, चेन्नई (तमिलनाडु) के मध्य खेला जाएगा, जिसे लेकर दर्शकों में भारी उत्सुकता बनी हुई है।
0 टिप्पणियाँ