50वीं अखिल भारतीय शेषन स्मृति गोल्ड कप फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन, 14 फरवरी को फाइनल मुकाबला,देशभर की 15 टीमों की दमदार भागीदारी, फाइनल व सम्मान समारोह को लेकर चरचा में उत्साह चरम पर


चरचा कॉलरी। 50वें अखिल भारतीय शेषन स्मृति गोल्ड कप फुटबॉल प्रतियोगिता (सत्र 2025–26) का भव्य आयोजन चरचा में किया जा रहा है। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आई 15 सशक्त टीमें भाग ली हैं, जिससे खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली प्रमुख टीमें वाराणसी (उ.प्र.), नीमच (म.प्र.), बेंगलुरु (कर्नाटक), दुर्गापुर व खड़गपुर (प. बंगाल), संबलपुर (ओडिशा), नागपुर (महाराष्ट्र), हैदराबाद (तेलंगाना), चेन्नई (तमिलनाडु), दिल्ली, इम्फाल (मणिपुर), केरला पुलिस केरल, रांची (झारखंड), बक्सर (बिहार) सहित मेजबान चरचा (छत्तीसगढ़) की टीम शामिल हैं। इन टीमों की मौजूदगी ने प्रतियोगिता को अखिल भारतीय स्वरूप प्रदान किया है। फाइनल मुकाबला 14 फरवरी 2026 (शनिवार) को दोपहर 2:30 बजे से महाजन स्टेडियम, चरचा में खेला जाएगा। इसी दिन फाइनल खेल के पश्चात सम्मान समारोह का आयोजन भी होगा। सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि अध्यक्ष सह प्रबंधक निदेशक, एसईसीएल बिलासपुर हरीश दुहन होगे।वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में निदेशक मानव संसाधन, एसईसीएल बिलासपुर बिरंची दास, विधायक बैकुंठपुर एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री छत्तीसगढ़ शासन भईया लाल राजवाड़े तथा कार्यक्रम कि अध्यक्षता क्षेत्रीय महाप्रबंधक, बैकुंठपुर क्षेत्र बीएन झा करेंगे। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों एवं खेलप्रेमियों से फाइनल मुकाबले और सम्मान समारोह में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है। इस आयोजन से न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच मिलेगा, बल्कि चरचा क्षेत्र को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान भी मिलेगी। प्रतियोगिता के दौरान दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी रही और हर मुकाबले में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय दिया। आयोजन समिति द्वारा मैदान, सुरक्षा, दर्शक व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा एवं अनुशासन की समुचित व्यवस्था की गई, जिससे प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हो सकी।गोल्ड कप फुटबॉल प्रतियोगिता के आयोजन में स्थानीय खेल प्रेमियों, युवाओं एवं स्वयंसेवकों का विशेष योगदान रहा। आयोजन से क्षेत्र के युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ी है और उन्हें राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को नजदीक से देखने व सीखने का अवसर मिला है। फाइनल मुकाबले को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह है। माना जा रहा है कि फाइनल मैच रोमांचक होगा और स्टेडियम खचाखच भरा रहेगा। विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, पुरस्कार राशि एवं सम्मान पत्र प्रदान किए जाएंगे। आयोजन समिति एवं एसईसीएल प्रबंधन ने सफल आयोजन के लिए सभी सहयोगी संस्थाओं, खिलाड़ियों, अधिकारियों एवं क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया है। साथ ही यह उम्मीद जताई है कि आने वाले वर्षों में भी इस तरह के खेल आयोजनों से क्षेत्र में खेल संस्कृति को नई मजबूती मिलेगी। आयोजन समिति में अध्यक्ष सह क्षेत्र प्रबंधक संजय कुमार, उपाध्यक्ष संदीप कुमार, सचिव मो. रियाज, सह-सचिव तपेश्वर प्रसाद एवं प्रवीन डेहरिया, तथा कोषाध्यक्ष महेश कुमार को विभिन्न दायित्व सौंपे गए हैं। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ