पहला क्वार्टर फाइनल मुकाबला दोपहर 1:47 बजे नीमच (मध्यप्रदेश) एवं समलेश्वरी-11, संबलपुर (ओडिशा) के मध्य खेला गया। मैच प्रारंभ होने से पूर्व अतिथियों द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया गया, तत्पश्चात राष्ट्रगान के साथ मुकाबले की शुरुआत हुई।
मैच के प्रारंभ से ही दोनों टीमों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। मध्यांतर से लगभग 12 मिनट पूर्व संबलपुर टीम के जर्सी नंबर 10 रोलेला ने शानदार गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके तीन मिनट बाद ही जर्सी नंबर 11 तूतू ने दूसरा गोल दागकर बढ़त को 2–0 कर दिया। जवाब में नीमच के जर्सी नंबर 05 अरुण मिश्रा ने त्वरित प्रहार करते हुए अपनी टीम के लिए पहला गोल किया। इस प्रकार मध्यांतर तक स्कोर 2–1 रहा।
मध्यांतर के बाद नीमच टीम ने जबरदस्त वापसी की। खेल पुनः शुरू होने के तीन मिनट के भीतर ही जर्सी नंबर 11 रूपेश कोसल ने गोल कर स्कोर 2–2 से बराबर कर दिया। इसके बाद दोनों टीमें दबाव में आ गईं। संबलपुर टीम को कई सुनहरे मौके मिले, लेकिन नीमच के गोलकीपर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल होने से बचाया।
मैच अधिकारी एवं निर्णायक दल
इस क्वार्टर फाइनल मुकाबले में मुख्य निर्णायक विजय आनंद रहे। सहायक निर्णायक के रूप में प्रफुल्ल कुमार एवं भरत राजवाड़े ने अपनी जिम्मेदारी निभाई।
फोर्थ ऑफिशियल की भूमिका आशीष तिवारी ने निभाई।
वहीं, मैच के सफल संचालन हेतु मैच कमिश्नर अनिल कुमार उपस्थित रहे।
निर्धारित समय तक स्कोर बराबर रहने पर मुख्य निर्णायक ने मैच का फैसला पेनाल्टी शूटआउट से कराया। पेनाल्टी शूटआउट में समलेश्वरी-11, संबलपुर (ओडिशा) ने नीमच (मध्यप्रदेश) को 3–1 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
इस रोमांचक मुकाबले में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए समलेश्वरी-11 संबलपुर के गोलकीपर जर्सी नंबर 1 साहबान मुस्कात को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। उन्हें यह पुरस्कार न्यू स्पोर्टिंग क्लब के मैनेजर प्रदीप डे द्वारा प्रदान किया गया।
0 टिप्पणियाँ