व्हीटीसी चौक ऑटो स्टैंड पर बड़ी कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाया, मुख्य मार्ग से हटेंगे अव्यवस्थित ऑटो — शेड में ही वाहन खड़ा करने के सख्त निर्देश

चरचा कॉलरी। नगर पालिका शिवपुर–चरचा द्वारा शहर की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने और ऑटो रिक्शा चालकों को निर्धारित स्थान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से साई ऑटो संघ को व्हीटीसी चौक स्थित स्थल पर शेड निर्माण कर ऑटो स्टैंड के रूप में आबंटित किया गया था। निर्णय का मकसद मुख्य मार्गों पर अव्यवस्था समाप्त कर नागरिकों को सुरक्षित एवं शिष्टाचारपूर्ण वातावरण देना था, लेकिन हाल के दिनों में स्थिति इसके विपरीत देखने को मिल रही थी।
स्थानीय नागरिकों का कहना था कि जब प्रशासन ने विधिवत शेड बनाकर पर्याप्त स्थान उपलब्ध कराया है, तो ऑटो चालक निर्धारित स्थान पर वाहन क्यों नहीं खड़े कर रहे। शेड में ऑटो न लगाने से मुख्य मार्ग, विशेषकर श्रमवीर स्टेडियम के सामने टॉवर के दोनों ओर अनौपचारिक रूप से ऑटो खड़े किए जा रहे थे, जिससे आवागमन बाधित हो रहा था और दुर्घटना की आशंका बढ़ रही थी।
इसी बीच ऑटो स्टैंड हेतु आरक्षित भूमि पर कुछ लोगों द्वारा लोहे की गुमटियां रखकर अवैध अतिक्रमण करने का प्रयास लगातार किया जा रहा था। समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो अतिक्रमण विकराल रूप ले सकता था और ऑटो चालकों के लिए निर्धारित स्थान पूरी तरह समाप्त हो जाता।
गुरुवार को पालिका प्रशासन ने पुलिस विभाग एवं एसईसीएल प्रबंधन के सहयोग से संयुक्त कार्रवाई करते हुए स्थल को अतिक्रमण मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान कुछ गुमटी संचालकों ने स्वेच्छा से अपने ढांचे हटा लिए, जबकि शेष अतिक्रमण को जेसीबी मशीन के माध्यम से हटाया गया।
मौके पर नगर पालिका उप अभियंता आलोक चक्रधारी, स्वच्छता निरीक्षक हरीश जायसवाल सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। एसईसीएल सुरक्षा विभाग से जितेंद्र यादव एवं सुनील बरला मौजूद थे। शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु थाना प्रभारी के निर्देशन में पुलिस बल की तैनाती की गई थी।

नगर पालिका अध्यक्ष अरुण जायसवाल ने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। ऑटो चालकों से अपेक्षा है कि वे निर्धारित शेड में ही अपने वाहन खड़े करें। भविष्य में यदि पुनः अतिक्रमण या अव्यवस्था पाई गई तो संबंधितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

नगर पालिका अध्यक्ष अरुण जायसवाल ने आगे कहा कि ऑटो स्टैंड के लिए व्हीटीसी चौक पर बनाए गए शेड का उद्देश्य केवल स्थान उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि शहर को जाम और अव्यवस्था से मुक्त करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि ऑटो चालक निर्धारित स्थान का उपयोग नहीं करेंगे और मुख्य मार्ग पर वाहन खड़े करेंगे तो उनके विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि नगर पालिका द्वारा शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर यातायात सुधार की दिशा में चरणबद्ध योजना बनाई गई है। ऑटो स्टैंड का व्यवस्थित संचालन होने से यात्रियों को एक ही स्थान पर आसानी से वाहन उपलब्ध होंगे, जिससे सड़क पर अनावश्यक भीड़भाड़ कम होगी और दुर्घटनाओं की संभावना घटेगी।

पालिका प्रशासन ने साई ऑटो संघ के पदाधिकारियों से भी चर्चा कर उन्हें निर्देशित किया है कि वे अपने सदस्यों को निर्धारित शेड में ही वाहन खड़ा करने के लिए प्रेरित करें। साथ ही यह चेतावनी दी गई है कि यदि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण किया गया या मुख्य मार्ग पर अवैध रूप से ऑटो खड़े किए गए तो जब्ती एवं जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि अब व्हीटीसी चौक और श्रमवीर स्टेडियम क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारू रहेगी और आम लोगों को राहत मिलेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ