कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन, प्राचार्य, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों द्वारा अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया गया।समारोह के मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष अरुण जयसवाल, विशिष्ट अतिथि नगर पालिका उपाध्यक्ष राजेश सिंह, नीरज गुप्ता, पत्रकार अंकित अग्रवाल एवं पत्रकार कमरुद्दीन निशा उपस्थित रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के डायरेक्टर निसार खान ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं भारत माता के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। तत्पश्चात अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर उत्कृष्ट शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे विद्यार्थियों में उत्साह और प्रेरणा का संचार हुआ।
नगर पालिका अध्यक्ष अरुण जयसवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि विद्यालय का 25 वर्षों का सफर शिक्षा के क्षेत्र में अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि ऐसे शैक्षणिक संस्थान न केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देते हैं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
नगर पालिका उपाध्यक्ष राजेश सिंह ने कहा कि शिक्षा ही समाज के विकास की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
विद्यालय के डायरेक्टर निसार खान ने जानकारी देते हुए बताया कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर की गई घोषणा के अनुरूप, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 12वीं कक्षा के छात्र-छात्राओं को 51,000 रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी, वहीं 10वीं कक्षा की छात्राओं को 21,000 रुपए आगे की पढ़ाई विद्यालय संस्था द्वारा निःशुल्क कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रोत्साहित कर उन्हें बेहतर भविष्य की ओर अग्रसर करना है।
विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकगण ने कहा कि हिन्द विद्यालय ने अपने 25 वर्षों की यात्रा में शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, अनुशासन एवं सामाजिक जिम्मेदारी को प्राथमिकता दी है। विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल परीक्षा तक सीमित न रखकर उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में तैयार करना है।
अभिभावकों ने भी विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, अनुशासन और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। रजत जयंती समारोह के अवसर पर विद्यालय के पूर्व छात्रों को भी स्मरण किया गया, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में सफलता प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। पूरे आयोजन में उत्साह, गरिमा एवं अनुशासन देखने को मिला, जिससे यह वार्षिक उत्सव एवं रजत जयंती समारोह एक स्मरणीय और प्रेरणादायक आयोजन बन गया।
0 टिप्पणियाँ