सार्वजनिक स्थानों पर जन्मदिन मनाने पर पुलिस सख्तसड़क, पार्क या वाहन की छत पर केक काटा तो होगी कड़ी कार्रवाई


जिला कोरिया। सार्वजनिक स्थानों पर केक काटकर जन्मदिन या अन्य निजी समारोह मनाने की बढ़ती घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए कोरिया पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस प्रशासन ने जनहित में स्पष्ट किया है कि सड़क, पार्क, बाजार, सार्वजनिक स्थल अथवा चलती या खड़ी गाड़ियों पर खड़े होकर जन्मदिन मनाना कानूनन अपराध की श्रेणी में आता है।

पुलिस द्वारा जारी जागरूकता संदेश में बताया गया है कि इस प्रकार की गतिविधियों से यातायात बाधित होता है, सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है तथा सार्वजनिक शांति एवं व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। विशेषकर वाहनों की छत पर केक काटना या भीड़ लगाकर जश्न मनाना न केवल खतरनाक है, बल्कि यह कानून का खुला उल्लंघन भी है।

इस संबंध में चरचा थाना प्रभारी उप निरीक्षक प्रमोद पाण्डेय ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह के आयोजनों पर अब विशेष निगरानी रखी जा रही है। यदि कोई व्यक्ति सड़क, पार्क, सार्वजनिक स्थल या वाहन की छत पर जन्मदिन अथवा कोई निजी समारोह मनाते हुए पाया गया, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे कृत्यों से आम नागरिकों की जान को खतरा होता है, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कोरिया पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे जन्मदिन या किसी भी प्रकार का उत्सव अपने घर, सामुदायिक भवन या पूर्व अनुमति प्राप्त स्थलों पर ही मनाएं। सार्वजनिक स्थानों पर नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 270 एवं 272 के तहत कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह कदम किसी की खुशियों पर रोक लगाने के लिए नहीं, बल्कि जनसुरक्षा, सुगम यातायात और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया है। पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि नियमों का पालन कर ही एक सुरक्षित, अनुशासित और जिम्मेदार समाज का निर्माण संभव है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ