विज्ञान का जीवंत अनुभव, हिंद विद्यालय चरचा में स्काई वॉचिंग प्रोग्राम, टेलीस्कोप से छात्राओं ने जाना अंतरिक्ष का रहस्य, विद्यार्थियों ने टेलीस्कोप से किया सूर्य, चंद्रमा व ग्रहों का अवलोकन


चरचा कॉलरी। हिन्द विद्यालय इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल, चरचा में विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने, तार्किक सोच को बढ़ावा देने तथा खगोल विज्ञान के प्रति रुचि जागृत करने के उद्देश्य से स्काई वॉचिंग प्रोग्राम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन ब्रेकथ्रू साइंस सोसायटी, कोरिया के तत्वावधान में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकगण एवं अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता रही।
कार्यक्रम में रायपुर से पधारे टेलीस्कोप विशेषज्ञ नीरज कुमार लहरें ने आधुनिक टेलीस्कोप के माध्यम से आकाशीय पिंडों के अवलोकन की विधि को सरल भाषा में समझाया। विद्यार्थियों को टेलीस्कोप की संरचना, लेंस की क्षमता, फोकस तकनीक, संचालन प्रक्रिया तथा आकाशीय पिंडों की पहचान से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं।
कार्यक्रम के दौरान सभी कक्षाओं के छात्र-छात्राओं ने सूर्य के काले धब्बों (सन स्पॉट) का सुरक्षित तरीके से प्रत्यक्ष अवलोकन किया। सूर्यास्त के पश्चात विद्यार्थियों एवं अभिभावकों द्वारा चंद्रमा, बृहस्पति एवं शनि ग्रह का टेलीस्कोप से अवलोकन किया गया, जिसे लेकर बच्चों में विशेष उत्साह देखा गया।
ब्रेकथ्रू साइंस सोसायटी कोरिया के जिला संयोजक कमल डडसेना ने बताया कि इस प्रकार की गतिविधियाँ बच्चों में वैज्ञानिक चेतना का विकास करती हैं, ब्रह्माण्ड और सौरमंडल के प्रति गहरी समझ पैदा करती हैं तथा समाज में व्याप्त अंधविश्वास और पुरानी भ्रांतियों को दूर करने में सहायक होती हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में अधिक से अधिक विद्यालयों में ऐसे विज्ञान आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर सोसायटी के सक्रिय सदस्य ललित कुमार, नवीन कुमार एवं कुमारी संध्या ने विशेष रूप से छात्राओं को खगोल विज्ञान से जुड़ी तकनीकी एवं वैज्ञानिक जानकारियाँ प्रदान कीं। प्रश्नोत्तर सत्र में विद्यार्थियों ने ब्रह्माण्ड, ग्रहों एवं अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा संतोषजनक उत्तर दिया गया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार नीरज गुप्ता एवं पत्रकार अंकित अग्रवाल की भी विशेष उपस्थिति रही। विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी अतिथियों एवं विशेषज्ञों का बुके भेंट कर सम्मान किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को साइंटिफिक कैलेंडर एवं विज्ञान आधारित मैगजीन भी वितरित की गईं।
विद्यालय के शिक्षकों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम पुस्तकीय ज्ञान से आगे बढ़कर विद्यार्थियों को प्रयोगात्मक एवं व्यवहारिक शिक्षा से जोड़ते हैं, जिससे नवाचार, खोज और अनुसंधान की भावना विकसित होती है।

कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के चेहरों पर उत्साह, जिज्ञासा और विज्ञान के प्रति नई ऊर्जा के साथ हुआ। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने ब्रेकथ्रू साइंस सोसायटी कोरिया के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे ज्ञानवर्धक आयोजनों की निरंतरता की इच्छा जताई।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ