स्वर्ण जयंती के रूप में भव्य हुआ अखिल भारतीय शेषन स्मृति 50वां गोल्ड कप फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ, पेनाल्टी शूटआउट में नीमच ने चरचा को हराया, शेषन स्मृति गोल्ड कप का रोमांचक आगाज


चरचा कॉलरी।अखिल भारतीय शेषन स्मृति 50वां गोल्ड कप फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन स्वर्ण जयंती समारोह के रूप में महाजन स्टेडियम, चरचा कॉलरी में भव्य एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। पिछले पाँच दशकों से यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता भारतीय फुटबॉल को नई दिशा देने के साथ-साथ देशभर की उभरती प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करती आ रही है।
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय महाप्रबंधक बी. एन. झा रहे। विशिष्ट अतिथियों में नगर पालिका परिषद शिवपुर–चरचा के अध्यक्ष अरुण जयसवाल, सह क्षेत्र प्रबंधक चरचा माइंस आर.ओ. संजय कुमार, नपा उपाध्यक्ष राजेश सिंह, उपाध्यक्ष छत्तीसगढ़ फुटबॉल संघ एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार बिराजी, हरि यादव, योगेश मिश्रा, केन्द्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह, महेश यादव, पार्षद श्रीमती रामकली पाल, प्रदीप तिवारी, संजय देवांगन, लाल मोहम्मद, भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपा विश्वकर्मा, काजल मोदी, सिमरन श्रीवास्तव, मुस्कान सिधार, थाना प्रभारी प्रमोद पाण्डेय सहित जेसीसी मेंबर की गरिमामयी उपस्थिति रही।
मैच प्रारंभ से पूर्व हिंद विद्यालय इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल की स्काउट छात्राओं द्वारा अतिथियों का पारंपरिक स्वागत किया गया। छात्राओं ने तिलक लगाकर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा अतिथियों को साल एवं बुके भेंट कर सम्मानित किया।
इसके पश्चात मुख्य अतिथि बी. एन. झा ने शेषन एवं महाजन जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर टूर्नामेंट का ध्वज फहराया। राष्ट्रीय गान एवं कोल इंडिया कॉरपोरेट गीत के बाद खान दुर्घटना में मृतक कर्मियों की स्मृति में एक मिनट का मौन रखा गया। 
तत्पश्चात मुख्य अतिथि द्वारा गेंद को किक मारकर टूर्नामेंट का विधिवत शुभारंभ किया गया।
उद्घाटन मुकाबला रहा रोमांचक

टूर्नामेंट के पहले दिन उद्घाटन मुकाबला न्यू स्पोर्टिंग क्लब चरचा (छत्तीसगढ़) एवं नीमच (मध्यप्रदेश) के बीच खेला गया। पहले हाफ में दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया, किंतु कोई भी टीम गोल करने में सफल नहीं हो सकी और स्कोर 0–0 रहा। न्यू स्पोर्टिंग क्लब को कई मौके मिले, लेकिन वे उन्हें भुना नहीं सके।
मध्यांतर के बाद भी दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया। 

न्यू स्पोर्टिंग क्लब लगातार गोल के प्रयास करता रहा, पर नीमच के गोलकीपर ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सभी हमलों को विफल कर दिया। निर्धारित समय तक कोई गोल नहीं होने पर मैच का फैसला पेनाल्टी शूटआउट से किया गया, जिसमें नीमच (मध्यप्रदेश) ने न्यू स्पोर्टिंग क्लब चरचा को 4–3 से पराजित किया।
नीमच के गोलकीपर को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मुख्य अतिथि के हाथों प्रदान किया गया।
खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का माध्यम – बी. एन. झा

मुख्य अतिथि बी. एन. झा ने अपने उद्बोधन में कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता को भी मजबूत करता है। शेषन स्मृति गोल्ड कप जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट पिछले पाँच दशकों से युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को नशा एवं अन्य कुरीतियों से दूर रखकर सकारात्मक दिशा देते हैं।

महाप्रबंधक ने मंच से जानकारी देते हुए कहा कि महाजन स्टेडियम परिसर में शीघ्र ही फुटबॉल एकेडमी की शुरुआत की जाएगी। इस एकेडमी के माध्यम से छत्तीसगढ़ के सभी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण अंचलों के खिलाड़ियों को भी उच्च स्तरीय प्रशिक्षण एवं खेलने का सुनहरा अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि इससे न केवल उभरती प्रतिभाओं को नई पहचान मिलेगी, बल्कि आने वाले समय में चरचा क्षेत्र का नाम राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक रोशन होगा।

उन्होंने कहा कि आज शेषन स्मृति गोल्ड कप टूर्नामेंट की स्वर्ण जयंती मनाई जा रही है और जिस तरह यह प्रतियोगिता पिछले 50 वर्षों से निरंतर चली आ रही है, उसी तरह यह आयोजन आने वाले 100 वर्षों तक भी निरंतर चलता रहेगा—यही हम सभी का संकल्प और विश्वास है।

आयोजन समिति एवं आगामी मुकाबला

इस टूर्नामेंट के कमिश्नर अनिल कचेर हैं। मैच के रेफरी विशाल प्रजापति, एआर-1 प्रफुल्ल, एआर-2 आकाश एवं एआर-4 आशिष तिवारी रहे।
आयोजन समिति में अध्यक्ष सह क्षेत्र प्रबंधक संजय कुमार, उपाध्यक्ष संदीप कुमार, सचिव मो. रियाज, सह-सचिव तपेश्वर प्रसाद एवं प्रवीन डेहरिया, तथा कोषाध्यक्ष महेश कुमार को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

आयोजकों ने नगरवासियों एवं खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।

दुसरे दिन मुकाबला समलेश्वरी स्पोर्टिंग, संबलपुर (ओडिशा) एवं आरटी बॉयज, हैदराबाद (तेलंगाना) के बीच खेला जाएगा, जिसे लेकर खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ