वार्ड 13 व 9 में सड़क निर्माण की पोल खुली आधा इंच ढलाई उजागर, नगरपालिका ने उखाड़ा रोड ठेकेदार पर कार्रवाई की तैयारी


चरचा कॉलरी।नगर पालिका शिवपुर-चरचा में वार्ड क्रमांक 13 व 9 की सड़क निर्माण गुणवत्ता को लेकर सोशल मीडिया एवं एक पार्षद द्वारा की गई शिकायत ने प्रशासन को हरकत में ला दिया। निर्माण कार्य में अनियमितता के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका अध्यक्ष अरुण जयसवाल ने गुरुवार को स्वयं मौके पर पहुंचकर सड़क का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया।
निरीक्षण टीम में वार्ड के पार्षद एवं उपाध्यक्ष राजेश सिंह, मुख्य नगर पालिका अधिकारी वशिष्ठ कुमार ओझा, उप अभियंता आलोक चक्रधारी, पार्षद धर्मपाल, टाइम-कीपर सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित थे। टीम ने मौके पर ही सड़क की खुदाई कर थिकनेस और गुणवत्ता की तकनीकी जांच की।
जांच में यह तथ्य सामने आया कि कई हिस्सों में मानक के अनुसार 4 से 6 इंच की ढलाई की जानी थी, परंतु ठेकेदार कल्याण दुबे द्वारा मात्र आधा से एक इंच की ही ढलाई की गई थी। इससे सड़क निर्माण कार्य की वास्तविकता और भी स्पष्ट हो गई। बताया गया कि वार्ड क्रमांक 13 और 9 में लाखों रुपये का टेंडर ठेकेदार कल्याण दुबे को दिया गया था, लेकिन वास्तविक कार्य में भारी गड़बड़ी पाई गई।

जांच के दौरान जहां-जहां गुणवत्ता और थिकनेस में कमी मिली, वहां तत्काल सड़क उखाड़ने का आदेश जारी किया गया। अध्यक्ष अरुण जयसवाल ने कहा कि नगर पालिका गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं करेगी और दोषी ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई हेतु प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जाएगी।

वार्डवासियों ने नगरपालिका के इस त्वरित, पारदर्शी और कठोर कदम की सराहना की। लोगों ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में क्षेत्र में होने वाले सभी निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप और पूर्ण गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ