जिला कोरिया। जिले में अवैध धान परिवहन और जमाखोरी की रोकथाम को लेकर जिला प्रशासन द्वारा की जा रही सतत निगरानी का बड़ा प्रभाव शुक्रवार को दिखाई दिया। धान खरीदी केंद्र छिंदिया में प्रशासनिक टीम ने दबिश देकर 254 बोरी अवैध धान जब्त किया।
जानकारी के अनुसार, केंद्र में श्री नीरज कुशवाहा द्वारा धान की बोरी फड़ के अंदर लाते हुए देखे जाने पर संदिग्ध गतिविधि की सूचना मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही तहसीलदार पटना, सहायक पंजीयक सहकारी संस्था, खाद्य निरीक्षक पटना तथा खाद्य एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम तत्काल खरीदी केंद्र पहुंची।
जांच के दौरान श्री नीरज कुशवाहा का कथन लिया गया, जिसमें यह महत्वपूर्ण खुलासा हुआ कि खरीदी केंद्र के पास स्थित श्री सोनसाय के मकान में कुल 254 बोरी धान अवैध रूप से रखा गया था। इनमें से 24 बोरी धान को केंद्र में खरीदे गए धान के स्टैक में मिलाने का प्रयास किया गया, जबकि शेष 230 बोरी धान उसी मकान में जमा पाया गया।
प्रशासनिक जांच टीम ने मौके पर ही सख्त कार्रवाई करते हुए सभी 254 बोरी अवैध धान को जब्त कर सीलबंद किया तथा इसे धान खरीदी केंद्र छिंदिया के खरीदी प्रभारी श्री रवि कुमार साहू की सुपुर्दगी में सौंप दिया।
प्रशासन के अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि धान खरीदी व्यवस्था में अनियमितता, फर्जी बिक्री, या अवैध संचयन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिले भर में ऐसे मामलों पर कड़ी नजर रखी जा रही है, और आगे भी निरंतर सघन अभियान जारी रहेगा।
स्थानीय किसानों एवं खरीदी केंद्रों से भी अपील की गई है कि धान खरीदी से जुड़े किसी भी प्रकार के संदिग्ध परिवहन या मनी लॉन्ड्रिंग जैसी गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन तक पहुंचाएं ताकि किसानों के हितों की रक्षा और खरीदी प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।
0 टिप्पणियाँ