खुली नाली और धंसी सड़क से मंडरा रहा हादसे का खतरा, जिम्मेदार बेखबर


चरचा कॉलरी।नगर पालिका शिवपुर-चरचा के वार्ड क्रमांक 4 शंकरु उड़िया के घर पास मे वर्षों पुरानी नाली का स्लैब टूट जाने से क्षेत्र में लगातार दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। यह इलाका एसईसीएल कर्मचारियों एवं गैर-कर्मचारियों की रिहायशी कॉलोनी है, जहां नाली टूटकर दिन-प्रतिदिन और गहरी होती जा रही है। इस कारण आवागमन करने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार अब तक कई बच्चे, महिलाएं एवं बुजुर्ग इस खुली नाली में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं। इस गंभीर समस्या को लेकर नगर पालिका और एसईसीएल प्रबंधन को कई बार लिखित व मौखिक शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। हालात ऐसे हैं कि न तो एसईसीएल इस ओर ध्यान दे रहा है और न ही नगर पालिका गंभीर नजर आ रही है।

नगर के इस रिहायशी क्षेत्र में सड़क किनारे बनी खुली नाली और धंसी हुई सड़क आम नागरिकों के लिए जानलेवा साबित हो सकती है। मौके की तस्वीरों में साफ दिखाई देता है कि सड़क का बड़ा हिस्सा टूट चुका है, नाली पूरी तरह खुली है और उसमें कचरा भरा हुआ है। किसी भी प्रकार की बैरिकेडिंग या चेतावनी संकेतक नहीं लगाए गए हैं।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन दर्जनों दोपहिया वाहन, स्कूली बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग गुजरते हैं। रात के समय या बारिश के दौरान यह गड्ढा दिखाई नहीं देता, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका और बढ़ जाती है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि बार-बार शिकायत के बावजूद नगर पालिका द्वारा सिर्फ आश्वासन ही दिए गए, जमीनी स्तर पर कोई कार्य नहीं हुआ।

सड़क की बदहाल स्थिति के कारण आसपास के घरों तक पहुंचना भी कठिन हो गया है। वहीं खुली नाली में जमा गंदगी से संक्रमण और बीमारियों का खतरा भी लगातार बढ़ता जा रहा है।

नगर पालिका पर तीखा सवाल

स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया है कि क्या नगर पालिका और संबंधित विभाग किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहे हैं? नागरिकों की मांग है कि तत्काल प्रभाव से नाली को ढकने, सड़क की मरम्मत कराने और सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग व चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं। लोगों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि समय रहते सुधार कार्य नहीं किया गया तो किसी भी बड़ी दुर्घटना की पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ