जिला कोरिया। कोरिया जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में अब हर माह की 7 तारीख को आयोजित होने वाले रोजगार दिवस के साथ ही आवास दिवस भी मनाया जाएगा। इससे प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के क्रियान्वयन में तेजी आएगी और पात्र हितग्राहियों को आवास निर्माण से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए एक समर्पित मंच मिलेगा।
कलेक्टर कोरिया श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने आवास दिवस के आयोजन को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करते हुए इस आशय का पत्र समस्त जनपद पंचायतों को प्रेषित कर दिया है।
चावल उत्सव, रोजगार दिवस और अब आवास दिवस—तीनों के एक साथ आयोजन से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न योजनाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान मिल सकेगा।
लाभार्थियों की सूची का वाचन और सम्मान
प्रत्येक ग्राम पंचायत में आयोजित आवास दिवस के दौरान पात्र हितग्राहियों की सूची का वाचन किया जाएगा। जिन हितग्राहियों को अब तक आवास स्वीकृति आदेश प्राप्त नहीं हुए हैं, उन्हें मौके पर ही स्वीकृति आदेश वितरित किए जाएंगे।
वहीं, जिन्होंने निर्धारित समय-सीमा में अपना आवास पूर्ण कर लिया है, उन्हें सम्मान स्वरूप प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।
किश्त हस्तांतरण का होगा निराकरण
आवास दिवस के अवसर पर जिन हितग्राहियों की किश्त राशि किसी भी स्तर पर लंबित है, उसका अनिवार्य रूप से निराकरण किया जाएगा। इसके लिए आवश्यक केवाईसी एवं अन्य प्रक्रियाएं पूर्ण कराई जाएंगी, जिससे हितग्राही को एक सप्ताह के भीतर राशि प्राप्त हो सके।
मजदूरी भुगतान पर समीक्षा, समस्याओं का समाधान
प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रावधानों के अनुसार हितग्राही परिवार को मिलने वाली 90 दिवस की मजदूरी की समीक्षा की जाएगी। साथ ही भौगोलिक परिस्थितियों या तकनीकी कारणों से आ रही समस्याओं का समाधान कर हितग्राहियों को उसी दिन अवगत कराया जाएगा।
निर्माण सामग्री की उपलब्धता पर चर्चा
आवास निर्माण में उपयोग होने वाली निर्माण सामग्री, सेंट्रिंग प्लेट एवं अन्य संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए हितग्राही, सप्लायर और ठेकेदारों के साथ सामूहिक चर्चा की जाएगी। इसका उद्देश्य आवास निर्माण में किसी भी प्रकार की बाधा को समय रहते दूर करना है।
टोल फ्री नंबर का होगा प्रचार
आवास दिवस के दौरान प्रत्येक हितग्राही को राज्य स्तर पर जारी टोल फ्री नंबर 18002331290 की जानकारी दी जाएगी। यदि किसी समस्या का समाधान जिला स्तर पर नहीं हो पाता है, तो हितग्राही इस टोल फ्री नंबर का उपयोग कर सकेंगे।
आवास निर्माण को मिलेगी नई गति
जिला पंचायत कोरिया के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने बताया कि रोजगार दिवस के साथ आवास दिवस मनाए जाने से जिले में आवास निर्माण को विशेष गति मिलेगी। हितग्राहियों को एक निश्चित दिन सभी आवश्यक सेवाएं, संसाधन और समाधान उपलब्ध होंगे, जिससे प्रधानमंत्री आवास योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सकेगा।
0 टिप्पणियाँ