मुख्यमंत्री तीरथ दर्शन योजना के तहत कोरिया जिले के 110 श्रद्धालु मथुरा-वृंदावन के लिए रवाना, श्रीकृष्ण जन्मभूमि दर्शन हेतु 13 से 16 दिसंबर तक चलेगी तीर्थ यात्रा



जिला कोरिया। राज्य शासन के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री तीरथ दर्शन योजना के अंतर्गत कोरिया जिले के श्रद्धालुओं को शनिवार को मथुरा-वृंदावन स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि के दर्शन हेतु रवाना किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों द्वारा यात्रियों को पुष्पगुच्छ भेंटकर शुभकामनाओं सहित विदा किया गया।

जिले के ग्रामीण एवं नगरीय निकायों से चयनित कुल 110 श्रद्धालुओं को शनिवार को बैकुंठपुर रोड रेलवे स्टेशन से रवाना किया गया। यह तीर्थ यात्रा 13 दिसंबर से 16 दिसंबर तक संपन्न होगी। यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखते हुए उनके साथ 04 अनुरक्षक एवं 02 डॉक्टरों की टीम को भी भेजा गया है।
मुख्यमंत्री तीरथ दर्शन योजना के अंतर्गत बुजुर्ग, दिव्यांगजन, परित्यक्ता एवं विधवा महिलाओं को प्राथमिकता दी जाती है, जिससे वे जीवन में एक बार प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन कर सकें। इस व्यवस्था से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और उन्होंने राज्य सरकार की इस जनकल्याणकारी योजना की सराहना की।

यात्रियों का उत्साहवर्धन करने के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष श्री मोहित पैकरा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती वंदना राजवाड़े, अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक एवं यात्रियों के परिजन बड़ी संख्या में रेलवे स्टेशन पर उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ