जिला कोरिया। जिले में अवैध धान परिवहन पर नकेल कसते हुए राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने बुधवार को बड़ी सफलता हासिल की। टीम ने कार्रवाई करते हुए दो ट्रकों को पकड़ लिया, जिनमें भारी मात्रा में अवैध धान भरा हुआ था। पकड़े गए वाहनों में एक में 800 तथा दूसरे में 700 बोरी सहित कुल 1500 बोरी (लगभग 600 क्विंटल) धान पाया गया।
जिला खाद्य अधिकारी श्री नटवर राठौर ने बताया कि ट्रक क्रमांक CG 04 LZ 6787 और CG 15 DJ 3384 में इंडियन एग्रो राइस मिल, पटना से धान को बीएम फूड, अम्बिकापुर ले जाया जा रहा था। जांच में यह परिवहन अवैध पाया गया तथा जब्त किए गए धान की अनुमानित कीमत लगभग 18 लाख 60 हजार रुपए आंकी गई है।
कार्रवाई के दौरान दोनों ट्रकों के चालकों से वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, किंतु कोई भी दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराया जा सका। नियमों के उल्लंघन को देखते हुए अधिकारियों ने मौके पर ही धान जब्त करते हुए दोनों वाहनों को थाना पटना में विधिवत सुपुर्द कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि अवैध धान परिवहन पर जिला प्रशासन की ओर से सख्त निगरानी जारी है और भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
0 टिप्पणियाँ