जिला कोरिया।राज्य स्तरीय अमीन भर्ती परीक्षा रविवार को कोरिया जिले में कड़े सुरक्षा प्रबंधों, उच्च स्तरीय निगरानी तथा व्यापम एवं जिला प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुपालन के बीच शांतिपूर्वक संपन्न हुई। परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सुबह से ही सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए थे। अधिकारियों ने लगातार निरीक्षण कर व्यवस्था की बारीकी से मॉनिटरिंग की।
इस परीक्षा के लिए जिले में कुल 4,738 परीक्षार्थियों ने पंजीयन कराया था, जिनके लिए 18 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए थे। केंद्रों में परीक्षार्थियों की जांच प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की ढिलाई न हो, इसके लिए प्रवेश द्वार पर ही सघन फिस्किंग कर प्रवेश दिया गया तथा फोटोयुक्त पहचान पत्र का अनिवार्य सत्यापन किया गया। परीक्षा दोपहर 12:00 बजे प्रारंभ हुई और इसके पूर्वानुसार 11:30 बजे केंद्रों के मुख्य द्वार बंद कर दिए गए, ताकि समय सीमा और सुरक्षा व्यवस्था में कोई बाधा उत्पन्न न हो।
परीक्षा के दौरान केंद्रों में अनुशासन बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। परीक्षार्थियों द्वारा किसी भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, मोबाइल फोन या संदिग्ध सामग्री को परीक्षा परिसर में लाने पर पूर्ण निषेध रहा।
परीक्षा में उपस्थिति के आंकड़ों पर नजर डालें तो कुल 3,499 परीक्षार्थियों ने उपस्थिति दर्ज कराई, जबकि 1,239 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। अनुपस्थिति का प्रतिशत अपेक्षा से अधिक रहा, जिसकी चर्चा परीक्षार्थियों एवं अभिभावकों के बीच बनी हुई है।
परीक्षा संपन्न होने के बाद अब सभी अभ्यर्थी परिणाम की घोषणा को लेकर उत्सुकता और बेसब्री से प्रतीक्षा कर रहे हैं। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाएगा और परिणाम घोषित होने पर जानकारी आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी।
परीक्षा के शांतिपूर्ण और निष्पक्ष आयोजन के लिए जिला प्रशासन एवं व्यापम के संयुक्त प्रयासों की सर्वत्र सराहना हो रही है। परीक्षार्थियों ने भी परीक्षा व्यवस्था को व्यवस्थित, सुरक्षित एवं अनुशासित बताया।
0 टिप्पणियाँ