जिला कोरिया। पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न से सम्मानित श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती के अवसर पर जनपद पंचायत बैकुंठपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत खरवत के पंचायत भवन परिसर में भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत खरवत के सरपंच श्री रामाशंकर सिंह व उपसरपंच श्रीमती उषा देवी ने की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं अटल बिहारी वाजपेयी जी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। उपस्थितजनों ने श्रद्धेय अटल जी को नमन करते हुए उनके राष्ट्रवादी विचारों, ओजस्वी व्यक्तित्व एवं सुशासन के प्रति उनके समर्पण को स्मरण किया।
सरपंच श्री रामाशंकर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र सेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं जनकल्याण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि अटल जी द्वारा स्थापित सुशासन की परंपरा आज भी शासन-प्रशासन के लिए मार्गदर्शक है और प्रत्येक जनप्रतिनिधि को उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम में अटल जयंती को सुशासन दिवस के रूप में मनाते हुए शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, पारदर्शी प्रशासन, जवाबदेही एवं आम नागरिकों तक योजनाओं की पहुँच सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि अटल जी का “राष्ट्र प्रथम” का मंत्र आज भी देश की एकता, अखंडता और विकास की दिशा तय करता है।
इस अवसर पर पंचायत स्तर पर स्वच्छता, जनभागीदारी, सामाजिक समरसता एवं विकास कार्यों को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम के अंत में अटल बिहारी वाजपेयी जी के योगदान को याद करते हुए उपस्थित जनसमूह ने उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
अटल बिहारी वाजपेयी जी का राष्ट्र निर्माण में अतुलनीय योगदान सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा।
0 टिप्पणियाँ