जिला कोरिया। वीर बाल दिवस के अवसर पर मानस भवन, बैकुंठपुर में रक्तदान एवं निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी के निर्देश एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। शिविर का आयोजन रेड क्रॉस सोसायटी बैकुंठपुर, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
शिविर के दौरान नागरिकों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, वहीं कुल 30 यूनिट रक्तदान भी संपन्न हुआ। साथ ही उपस्थित लोगों को सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) का डेमो देकर प्रशिक्षण दिया गया। रक्तदान करने वाले दानदाताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने कहा कि वीर बाल दिवस उन वीर बालकों को स्मरण करने का दिन है, जिन्होंने धर्म, सत्य और मानवता की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। यह दिवस सिख धर्म के दसवें गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के छोटे साहिबजादों साहिबजादा जोरावर सिंह एवं साहिबजादा फतेह सिंह के अद्वितीय बलिदान को नमन करने के लिए समर्पित है। उन्होंने कहा कि इतनी कम आयु में दिखाया गया उनका साहस आज भी पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है।
कलेक्टर ने कहा कि रक्तदान जैसे मानवहित से जुड़े आयोजन समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। रक्तदान किसी एक व्यक्ति का ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार का जीवन बचाने में सहायक होता है। उन्होंने रक्तदान को जीवनदान व महादान बताते हुए सभी नागरिकों से इसमें सक्रिय सहभागिता की अपील की।
रेड क्रॉस सोसायटी के सदस्य श्री शैलेन्द्र शर्मा ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान जाति, धर्म या आर्थिक स्थिति नहीं, बल्कि केवल रक्त समूह देखकर किया जाता है। यह मानव सेवा का सबसे बड़ा कर्तव्य है, जो समाज में सहयोग और संवेदनशीलता को सुदृढ़ करता है।
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्रीमती नविता शिवहरे, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती स्नेहलता सिंह गोंड़, श्रीमती गीता राजवाड़े, जनपद पंचायत बैकुंठपुर अध्यक्ष श्री उदय सिंह, विभिन्न जनप्रतिनिधिगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इसके साथ ही अपर कलेक्टर श्री सुरेंद्र प्रसाद वैद्य, रेड क्रॉस सोसायटी कोरिया के चेयरमैन श्री महेंद्र वेद, वाइस चेयरमैन श्रीमती गीता राजवाड़े, कोषाध्यक्ष श्री जितेंद्र गुप्ता सहित रेड क्रॉस के सदस्यगण उपस्थित रहे।
जिला अस्पताल से सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. आयुष जायसवाल के नेतृत्व में चिकित्सकीय टीम ने सेवाएं प्रदान कीं। शिविर में स्कूल शिक्षा विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ