आपका एक वोट, देश का उज्ज्वल भविष्य” — युवा आगे आएं, मतदाता बनें : कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष पूर्ण करने वाले युवाओं के लिए सुनहरा अवसर

जिला कोरिया।लोकतंत्र की मजबूती में युवाओं की भूमिका सबसे अहम होती है। जब युवा जागरूक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करते हैं, तभी देश का भविष्य सशक्त, सुरक्षित और प्रगतिशील बनता है। इसी उद्देश्य के साथ कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने जिले के सभी युवाओं से भावपूर्ण और प्रेरक अपील करते हुए कहा कि जिन युवाओं की आयु 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो रही है, वे अनिवार्य रूप से मतदाता बनकर लोकतंत्र की इस महायज्ञ में अपनी सहभागिता निभाएं।
कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने कहा कि मतदाता बनना केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि यह अपने संवैधानिक अधिकारों को समझने और देश के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में पहला मजबूत कदम है। पहली बार मतदान करने का अवसर हर युवा के जीवन में गर्व और आत्मसम्मान का क्षण होता है, जो उसे राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ता है। उन्होंने बताया कि सभी पात्र युवा फॉर्म-6 भरकर अपने नजदीकी विद्यालय, बूथ लेवल ऑफिसर बीएलओ अथवा निर्धारित केंद्रों के माध्यम से आसानी से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। यह प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और पूर्णतः निःशुल्क है। उन्होंने युवाओं से इस सुनहरे अवसर को हाथ से न जाने देने की अपील की।कलेक्टर ने जिले के राजनीतिक दलों के बूथ लेवल असिस्टेंट (बीएलए) से भी विशेष आग्रह किया कि वे अधिक से अधिक युवाओं को मतदाता बनने के लिए प्रेरित करें, उन्हें फॉर्म-6 भरने में सहयोग करें और लोकतांत्रिक जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने जिले के युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे न केवल स्वयं मतदाता बनें, बल्कि अपने मित्रों, सहपाठियों और आसपास के युवाओं को भी इसके लिए प्रेरित करें। जागरूक, शिक्षित और सक्रिय युवा ही एक मजबूत लोकतंत्र की नींव होते हैं।कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने कहा आज लिया गया आपका छोटा-सा निर्णय, आने वाले कल में देश की दिशा और दशा तय करेगा। आपका एक वोट, देश के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत आधारशिला है। अंत में जिले के सभी पात्र युवाओं से अपील की गई है कि वे आगे आएं, मतदाता बनें और अपने एक वोट से लोकतंत्र को और अधिक सशक्त, जीवंत और मजबूत बनाएं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ