बड़े साली हत्याकांड का खुलासा, सभी आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी बिहार से दबोचा गया


जिला कोरिया। थाना बैकुंठपुर अंतर्गत ग्राम बड़े साली में घटित जघन्य हत्याकांड का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रकरण के मुख्य आरोपी द्वारा घटना में प्रयुक्त देशी कट्टा बिहार से क्रय किए जाने का भी खुलासा हुआ है, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना बैकुंठपुर में अपराध क्रमांक 348/2025 अंतर्गत धारा 103(1), 109(1), 326(छ), 332(घ), 3(5), 249 तथा 61 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। घटना की सूचना मृतक के पुत्र संत कुमार द्वारा 15 अक्टूबर 2025 को थाने में दी गई थी।

शिकायत के अनुसार 14 अक्टूबर 2025 की रात लगभग 10 बजे ग्राम बड़े साली में स्थित मकान में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई। आगजनी की इस घटना में महिला गंभीर रूप से झुलस गई, जबकि उसके पति आग बुझाने के प्रयास में आग की चपेट में आकर मौके पर ही झुलस गए, जिनकी बाद में मृत्यु हो गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक श्री दीपक कुमार झा एवं पुलिस अधीक्षक कोरिया श्री रवि कुमार कुर्रे के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पंकज पटेल के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री राजेश कुमार साहू के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया। 
पुलिस जांच में सामने आया कि इस घटना के मुख्य आरोपी सुरेश ठाकुर उर्फ कानूगिया हैं। आरोपी को बिहार के सहरसा जिले से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने देशी कट्टा 315 बोर तथा कारतूस 12 हजार रुपये में खरीदने की बात स्वीकार की, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। इसके साथ ही आरोपी के सहयोगियों को भी गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी पोड़ी बचरा उप निरीक्षक अब्दुल मुनाफ, प्रधान आरक्षक सुनील साहू, आरक्षक मनोज पांडेय, अभिषेक यादव, महेंद्र पुरी, रवि भगत, साइबर सेल से आर. शिवम सिन्हा एवं आरक्षक चालक प्रताप सिंह का सराहनीय योगदान रहा।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले में सभी तथ्यों की गहन जांच कर आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ