जिला कोरिया। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार वर्ष 2025 की अंतिम नेशनल लोक अदालत का सफल आयोजन शनिवार, 13 दिसंबर 2025 को किया गया। यह आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री शैलेश कुमार तिवारी के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ।
नेशनल लोक अदालत के अंतर्गत सिविल न्यायालय बैकुंठपुर एवं मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण हेतु कुल 15 खंडपीठों का गठन किया गया। इन न्यायालयों में लंबित कुल 3,532 प्रकरणों को राजीनामा हेतु रखा गया, जिनमें से 2,833 प्रकरणों का सफल निराकरण किया गया। इसके माध्यम से 9,85,70,053 रुपये की राशि का सेटलमेंट किया गया।
राजस्व मामलों के त्वरित निपटारे हेतु राजस्व न्यायालयों में कलेक्टर, एसडीएम एवं तहसीलदार स्तर की खंडपीठों का गठन किया गया। राजस्व न्यायालय बैकुंठपुर में 9 खंडपीठें तथा एमसीबी जिले में 20 खंडपीठें गठित की गईं। इन खंडपीठों द्वारा राजस्व जिला कोरिया एवं जिला एमसीबी से कुल 9,768 राजस्व प्रकरणों का निराकरण किया गया।
इसके अतिरिक्त, नेशनल लोक अदालत में बैंक/नगरपालिका, टेलीफोन एवं राजस्व विभाग से संबंधित कुल 14,957 प्रीलिटिगेशन प्रकरण रखे गए, जिनमें से 9,847 प्रकरणों का निराकरण किया गया।
इस प्रकार नेशनल लोक अदालत के माध्यम से कुल 12,680 प्रकरणों का निपटारा किया गया तथा 11,94,08,881 रुपये की राशि का सेटलमेंट राजीनामा के जरिए सम्पन्न हुआ। लोक अदालत ने एक बार फिर त्वरित, सरल एवं सुलभ न्याय की दिशा में प्रभावी भूमिका निभाई।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बैकुंठपुर द्वारा इस उपलब्धि की जानकारी देते हुए सभी समाचार पत्रों से प्रेस विज्ञप्ति के प्रकाशन का अनुरोध किया गया है।
0 टिप्पणियाँ