मुख्य मार्ग पर दर्दनाक हादसा टला, तेज़ रफ्तार कार ने खड़ी पिकअप को मारी टक्कर, दो बच्चों को बचाते हुए हुआ हादसा, बड़ा नुकसान, कोई जनहानि नहीं



चरचा कॉलरी। नगर पालिका शिवपुर चरचा के मुख्य मार्ग पर बीती रात लगभग 8 बजे एक तेज़ रफ्तार कार और खड़ी पिकअप में जोरदार भिड़ंत हो गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन राहत की बात यह रही कि कार में सवार व्यक्ति सहित किसी को भी कोई शारीरिक चोट नहीं आई।
सूत्रों के अनुसार बैकुंठपुर से सामान लेकर आई पिकअप पिकअप क्रमांक सीजी 16 सीक्यू 8827, नेपाल गेट मुख्य मार्ग स्थित किराना दुकान के सामने खड़ी थी और उस समय माल उतारने का काम चल रहा था। इसी दौरान कार क्रमांक सीजी 29 एडी 8367 सुभाष नगर चौक की ओर से तेज़ रफ्तार में आते हुए अनियंत्रित होकर पीछे से पिकअप में जा घुसी।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार चालक नशे की हालत में था और मुख्य मार्ग पर अचानक सामने आए दो बच्चों को बचाने के प्रयास में वाहन पिकअप से जा टकराया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

वाहनों को भारी नुकसान

टक्कर में पिकअप का पिछला हिस्सा बुरी तरह डैमेज हो गया। कार के बोनट का एक साइड पूरी तरह चकनाचूर हो गया।घटना के बाद स्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

पुलिस ने तुरंत की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने स्टाफ को मौके पर भेजा।कार चालक और वाहन को पुलिस द्वारा थाने ले जाया गया। आगे की जांच प्रक्रिया जारी है।

दुकानदारों की सड़क पर कब्जे से बढ़ रहा दुर्घटनाओं का खतरा

स्थानीय निवासियों ने नाराज़गी जताते हुए कहा दुकानदारों ने दुकानें सड़क तक बढ़ा ली हैं। सामान उतारने वाले वाहनों को मजबूरन सड़क पर खड़ा करना पड़ता है। इस वजह से मुख्य मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाएँ हो रही हैं।

लोगों ने नगर पालिका व प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा ना कोई व्यवस्था, ना कोई निगरानी हादसा होना अब आम बात हो गई है।

निष्कर्ष

कल की घटना में खुशकिस्मती से जनहानि नहीं हुई, लेकिन
सड़क अतिक्रमण, नशे में ड्राइविंग और मालवाहक वाहनों की मजबूरन पार्किंग की मिलीजुली स्थिति किसी दिन बड़ी दुर्घटना का रूप ले सकती है।स्थानीय लोगों ने शासन प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ