जिला कोरिया। जिले के चरचा थाना क्षेत्र अंतर्गत एसईसीएल की चरचा ईस्ट खदान में हुई केबल तार चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में अभी अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
प्रकरण के अनुसार, दिनांक 14 अक्टूबर 2025 की रात्रि लगभग 11 से 12 बजे के बीच चरचा ईस्ट खदान क्षेत्र में अज्ञात चोरों द्वारा खदान में लगे तांबे के केबल तार को काटकर चोरी कर लिया गया। घटना के समय खदान में कार्यरत कर्मचारियों ने संदिग्ध गतिविधि देखी, जिसके बाद इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों एवं पुलिस को दी गई। जांच में सामने आया कि चोरों ने लगभग 400 से 500 मीटर केबल तार काटकर चोरी की, जिसकी कीमत करीब 70 से 80 हजार रुपये आंकी गई है।
घटना की रिपोर्ट पर थाना चरचा में अपराध क्रमांक 201/2025 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(2), 305(ई) एवं 310(2) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। पुलिस द्वारा की गई विवेचना के दौरान साक्ष्य जुटाए गए और संदिग्धों से पूछताछ की गई। जांच के आधार पर सुमन उर्फ सुरेश पिता बृजूलाल पनिका, उम्र 30 वर्ष, निवासी खैरई, थाना चरचा, जिला कोरिया को आरोपी के रूप में चिन्हित किया गया।
पुलिस ने आरोपी को दिनांक 12 दिसंबर 2025 को शाम 4:20 बजे गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने करीब 300 मीटर केबल तार बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 45 हजार रुपये बताई जा रही है। आरोपी द्वारा चोरी किए गए कुछ केबल तारों को जलाने एवं कुछ को अलग-अलग स्थानों पर छिपाने की जानकारी भी सामने आई है।
आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, बैकुंठपुर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे 23 दिसंबर 2025 तक न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि इस चोरी में 10 से 15 लोगों की संलिप्तता की आशंका है, जिनकी पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
चरचा पुलिस ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्रों में हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लिया जा रहा है और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई से खदान क्षेत्र में चोरी की बढ़ती घटनाओं पर रोक लगने की उम्मीद जताई जा रही है।
0 टिप्पणियाँ