जिला कोरिया। देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के “हर परिवार को पक्का मकान” के संकल्प को साकार करने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का जिले में प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। वर्तमान में जिले में 10 हजार से अधिक हितग्राहियों के पक्के मकानों का निर्माण कार्य विभिन्न चरणों में प्रगति पर है।
आवास निर्माण की गति बनाए रखने एवं लक्ष्य की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी द्वारा योजना की सतत समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में जिला पंचायत कोरिया के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने बुधवार को जनपद पंचायत सोनहत के विभिन्न ग्राम पंचायतों का भ्रमण किया।
निरीक्षण के दौरान सीईओ डॉ. चतुर्वेदी ने विकासखण्ड सोनहत अंतर्गत ग्राम पंचायत लटमा में अप्रारंभ तथा द्वितीय किश्त प्राप्त आवासों का भौतिक निरीक्षण किया और हितग्राहियों से प्रत्यक्ष संवाद किया। उन्होंने हितग्राहियों को शीघ्र आवास निर्माण प्रारंभ करने के लिए प्रेरित करते हुए स्पष्ट किया कि राशि प्राप्त करने के बावजूद लंबे समय तक निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं करने वालों पर नियमानुसार कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
राजमिस्त्री प्रशिक्षण से दूर होगी मानव संसाधन की कमी
भ्रमण के दौरान जिला पंचायत सीईओ ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत राजमिस्त्रियों की कमी को दूर करने के उद्देश्य से आर-सेटी (RSETI) द्वारा संचालित राजमिस्त्री प्रशिक्षण कार्यक्रम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे राजमिस्त्रियों से चर्चा कर प्रशिक्षण की गुणवत्ता, व्यवहारिक ज्ञान एवं रोजगार की संभावनाओं की जानकारी ली।
डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने कहा कि आवास योजना ग्रामीण में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति के लिए आवश्यक है कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में पर्याप्त संख्या में कुशल राजमिस्त्री उपलब्ध हों। जिला प्रशासन इस दिशा में निरंतर प्रयासरत है ताकि मानव संसाधन की कमी के कारण निर्माण कार्य बाधित न हो और सभी हितग्राहियों को समय पर पक्का आवास मिल सके।
अधिकारियों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर जनपद पंचायत सोनहत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला समन्वयक, आवास समन्वयक, कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा, विकासखण्ड समन्वयक, तकनीकी सहायक तथा संबंधित ग्राम पंचायतों के सचिव उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ